हाथरस- नगर पालिका सभासद ने की डीएम से भ्रष्टाचार की शिकायत, साहब! पालिका के सफाई नायक कर रहे लाखों का गोलमाल

हाथरस। साहब! नगर पालिका का छोटे से लेकर बडे तक कोई अधिकारी सुनवाई नहीं करता है और क्षेत्र में नरक जैसे हालात हैं जबकि पालिका के अधिकारी/कर्मचारी लाखों रूपये का भ्रष्टाचार कर जनता के हकों को मार रहे हैं।
उक्त शिकायत आज नगर पालिका परिषद के वार्ड 18 की सभासद श्रीमती बीना जैन ने जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह को सौंपे ज्ञापन में कही है। सभासद श्रीमती बीना जैन ने कहा है कि उनके वार्ड की विजयनगर में गली 4 व 5 व महात्मा गांधी स्कूल वाली गली में पिछले 4 महीने से 24 घण्टे पानी भरा रहता है और कई बार चीफ सैनेटरी विजेन्द्र शर्मा व सीएसआई इंस्पेक्टर अनिल से कहा लेकिन आज तक ना तो कोई देखने आया और ना ही कोई काम हुआ जबकि गन्दगी के भी ढेर लगे हुए है।
ज्ञापन में कहा गया है लाखों रूपये कीमत सीवर जेटिग मशीन नगर पालिका में आई हुई है लेकिन सफेद हाथी बनी खडी रहती है। जब हम सीवर खुलवाने को कहते हैं तब हमसे कह दिया जाता है कि मशीन खराब है जबकि चीफ सेनेटरी और दोनों सीएसआई फर्जी तरीके से लाखों रूपये का डीजल कागजों में दिखाकर नगर पालिका का लाखों रूपये का चूना लगा रहे हैं। इनके खिलाफ जांच कराई जाये और उचित कार्यवाही की जाये। चीफ सैनेटरी शहर के किसी वार्ड में कभी नहीं जाते हैं जहां तक कि इन्हें शहर के वार्डो के मौहल्लों एवं गलियों के नाम तक नहीं पता हैं। ये 12 बजे आगरा से आते है और 3 या 4 घण्टे नगर पालिका में बैठकर वापस आगरा चले जाते हैं। ऐसे ही सीएसआई इंस्पेक्टर अलीगढ से आते हैं और 3 या 4 घण्टे नगर पालिका में बैठकर अलीगढ वापस चले जाते हैं जबकि इनकी 24 घण्टे की ड्यूटी नगर पालिका के सात किलो मीटर में रहने की है इनकी जांच कराई जाये और इनके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जाये।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1