सिकन्दराराव। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब रामकथा के दौरान आयोजित होने वाले 11 सामूहिक विवाह समारोह के अचानक स्थगित हो जाने के बाद एक गरीब कन्या के विवाह की जिम्मेदारी समाजसेवियों ने अपने कंधों पर उठाई। ममता फ़ार्म हाउस में समाजसेवी रानू पंडित, आकाश दीक्षित एवं सजल पंडित के सहयोग से गरीब कन्या का विवाह पूरे विधि-विधान एवं सम्मान के साथ सम्पन्न कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने वाली सिंहपुर निवासी अहेरिया समाज की एक गरीब कन्या का विवाह निर्धारित था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने के कारण विवाह को लेकर परिवार चिंता में पड़ गया। ऐसे समय में रानू पंडित, आकाश दीक्षित एवं सजल पंडित ने आगे बढ़कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया और विवाह की सम्पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कराई। ममता फ़ार्म हाउस में आयोजित विवाह समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खैर निवासी युवक के साथ कन्या का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। विवाह के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे कन्या पक्ष को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उपस्थित लोगों ने समाजसेवियों द्वारा किए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे प्रयास जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल का कार्य करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता कर उनके जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराना वास्तव में सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। ममता फ़ार्म हाउस के मालिक एवं समाजसेवी आकाश दीक्षित ने बताया कि पूर्व में भी लगातार ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन कराए जाते रहे हैं तथा भविष्य में भी जनहित और समाज सेवा से जुड़े कार्यों में सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है। इस पुण्य कार्य को सफल बनाने में मोनू वार्ष्णेय, मुनेश शर्मा, नीटू शर्मा, मोनू पण्डित एवं दुर्वेश पचौरी आदि की भी अहम भूमिका रही। उपस्थित लोगों ने उनके सहयोग एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। विवाह समारोह के पश्चात नवदंपति को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सेवा कार्यों से पारस्परिक सहयोग और सामाजिक एकता को बल मिलता है।
ममता फ़ार्म हाउस में सम्पन्न हुआ गरीब कन्या का विवाह, समाजसेवियों ने निभाई मानवीय जिम्मेदारी
जयहिंद मीडिया नेटवर्क
0

एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।