हाथरस। ब्रज के प्रसिद्ध प्राचीन ऐतिहासिक संरक्षित मंदिर श्री दाऊजी महाराज स्थित किला परिसर में से अवैध कब्जों/अतिक्रमण को हटवाए जाने की मांग को लेकर स्वदेशी हिंद पार्टी द्वारा जिलाधिकारी के नाम कलेक्ट्रेट प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया और शीघ्र ही अतिक्रमणों को हटवाए जाने की मांग की गई।
स्वदेशी हिंद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मतेंन्द्र सिंह गहलोत एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया है कि प्राचीन मंदिर श्री दाऊजी महाराज किला परिसर जो भारत सरकार द्वारा ऐतिहासिक संरक्षित घोषित करते हुए अपने संरक्षण में ले रखा है। जिसके चारों ओर से जिला प्रशासन द्वारा कई वर्ष पूर्व चारों ओर से चिन्हांकन कराने के पश्चात बाउंड्रीवॉल कराई गई थी । उसके बाद भी किला परिसर के अंदर सैकड़ों कच्चे-पक्के मकानों का निर्माण अतिक्रमणकारियों द्वारा कर लिया गया है, जिसकी शिकायत समय-समय पर की जाती रही है। किंतु जिला प्रशासन द्वारा कोई भी प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई।ज्ञापन में कहा गया है कि इसी विषय में स्वदेशी हिंद पार्टी द्वारा 10 मार्च को एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित किया था। उस पर भी की गई कार्यवाही से भी आज तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। जबकि अतिक्रमण निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। जिसे लेकर आमजनमानस और पार्टी पदाधिकारियों में निराशा और आक्रोश की भावना उत्पन्न हो रही है। इसलिए अब पार्टी पदाधिकारियों ने बैठक कर निर्णय लिया है कि यदि आगामी 20 दिनों के अंदर जिला प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी निर्णय इन अतिक्रमणों को हटवाए जाने हेतु नहीं लिया गया तो पार्टी शांतिपूर्वक और संवैधानिक तरीके से एक वृहद आंदोलन/धरना प्रदर्शन आदि करने को मजबूर होगी। जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
स्वदेशी हिंद पार्टी ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि प्राचीन ऐतिहासिक संरक्षित मंदिर श्री दाऊजी मंदिर किला परिसर से 20 दिनों के अंदर प्रभावी कार्यवाही करते हुए शीघ्रतम अतिक्रमण हटवाए जायें। जिससे पार्टी को किसी भी प्रकार के आंदोलन को मजबूर न होना पड़े।
ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मतेंद्र सिंह गहलौत एडवोकेट, राष्ट्रीय महामंत्री हरेंद्र सिंह सिसौदिया, राष्ट्रीय सचिव राजेश सिसोदिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद सिंह सिसौदिया, जिला प्रभारी देशराज सिंह भरंगर, अभय कुमार सिंह, कन्हैयालाल, विकास कुमार, जिला मीडिया प्रभारी राकेश जादौन आदि शामिल थे।


एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।