सिकंदराराव। नगर के रामबाग मंदिर से जुड़ा विवाद एक बार फिर सामने आया है। मंदिर के संबंध में स्वयं को पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संत दीपकगिरी जी महाराज का शिष्य बताने वाले राजगिरि गुरुजी ने कोतवाली सिकंदराराव में तहरीर देकर कुछ लोगों पर अभद्रता, मारपीट, मोबाइल तोड़ने और चोरी करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता का कहना है कि रामबाग मंदिर संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि मंदिर से उन्हें भगाने के लिए कुछ युवक लगातार परेशान करते हैं तथा उनके सामने आने पर अभद्रता और मारपीट तक करते हैं। शिकायत में बताया गया कि 21 अगस्त 2026 को भी उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया और वीडियो बनाने के प्रयास में मोबाइल तोड़ दिया गया। इसकी सूचना शिकायतकर्ता ने 112 नंबर पर दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस द्वारा जांच किए जाने के बावजूद आगे कार्रवाई नहीं हुई। तहरीर के मुताबिक, इसके बाद रात में कुछ लोगों ने आसपास लड़के लगाकर शिकायतकर्ता का मोबाइल चोरी कर लिया। सुबह तलाश करने पर मोबाइल मिलने की बात कही गई, लेकिन आरोप है कि उसका सिम तोड़ दिया गया, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सके। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि 3 सितंबर 2026 को कल जन्माष्टमी पर मन्दिर के सामने रखे खोखा को हटाने के संबंध में खोखा संचालक से बातचीत करने पर विवाद हो गया और कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके सिर में चोट आई हैं। राजगिरि गुरुजी ने पुलिस से आरोपित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, चिकित्सकीय परीक्षण तथा रामबाग मंदिर में पूजा-पाठ और अपनी जान-माल की सुरक्षा की व्यवस्था कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।