Top News

हाथरस- पंडित परिषद का वायु पवन परीक्षा महोत्सव सम्पन्न

हाथरस। पंडित परिषद द्वारा वायु परीक्षण (वायु परीक्षा) महोत्सव पसरट्टा बजार स्थित मंदिर श्री यशोदा नन्दन जी महाराज में पंडित परिषद अध्यक्ष पं. सुरेशचन्द्र गौड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें विद्वान पंडित आचार्यों द्वारा समवेत स्वरों में वैदिक पौराणिक मंत्रोचारण के बीच गणपति सहित समस्त देवी-देवों का आव्हान करते हुये पूजन अर्चन किया गया। पूजा धार्मिक विद्वान कथा प्रवाचक पं. बागीशदत्त गौड़ द्वारा करायी गई तथा इन्द्र ध्वज को प्रतिष्ठापित किया गया।
इन्द्र ध्वज स्थल पर वायु परीक्षण करते हुये विद्वान पंडित, आचार्यों ने बताया कि यह इन्द्र ध्वज पूर्व दिशा की ओर लहरा रहा है इसलिये इस वर्ष वर्षा अच्छी होगी। फसलों, खाद्यान्नों का भरपूर रूप से उत्पादन होगा, व्यापार में वृद्धि होगी, देश में सुख, शान्ति रहेगी, जनता में समृद्धिशीलता पैदा होगी।
वायु परीक्षण का फलादेश पूजा करा रहे आचार्य पं. बागीशदत्त गौड़ द्वारा सुनाया गया तथा यशोदा नन्दन व हनुमान जी महाराज के जयघोष के साथ प्रसन्नतामयी वातावरण में फलादेश का अनुमोदन किया गया। पंडित परिषद द्वारा वायु पवन परीक्षा महोत्सव को धर्मसंघ महामंत्री जयप्रकाश शर्मा ने शुभकामनायें प्रदान करते हुये कहा कि आषाढ़ पूर्णिमा को वायु परीक्षण पवन महोत्सव मनाया जाता है, जिसमें पंडित आचार्यों द्वारा इन्द्र ध्वज के समक्ष बहती हवा के द्वारा वर्ष पर्यन्त होने वाली वर्षा, फसलों तथा व्यापारिक स्थितियों का आंकलन कर अपने चिन्तन से फलादेश घोषित कर दिशा दर्शन प्रदान किया जाता है। इस परम्परागत आयोजन को पंडित परिषद द्वारा वायु परीक्षण महोत्सव रूप में मनाया जाता है। पंडित परिषद के महामंत्री पं. कृष्णबल्लभ मिश्र, कोषाध्यक्ष पं. सुरेशचन्द्र दीक्षित ने भी प्रकाश डाला। मंदिर आचार्य पं. मोहित मिश्र उपाध्याय ने प्रसाद प्रदान कर विद्वानों का स्वागत सम्मान किया।
वायु परीक्षण महोत्सव में गिर्राजकिशोर वशिष्ठ, पं. उमेशचन्द्र मिश्र, पं. ब्रजकिशोर मिश्र उपाध्याय, पं. प्रमोद चक्रपाणि, पं. गिरीशचन्द्र मिश्र, रामवीर अग्निहोत्री, पं. अनूप गौड़ आदि विद्वान उपस्थित थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने