Top News

हाथरस- शीतगृहों में भंडारित आलू की शतप्रतिशत निकासी सुनिश्चित करने के लिये जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारी तथा शीतगृह संचालकों को दिये निर्देश

हाथरस। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले के शीतगृहों में भंडारित आलू की शतप्रतिशत निकासी सुनिश्चित करने के लिये विभागीय अधिकारी तथा शीतगृह संचालकों को निर्देश दिये हैं।
कलक्ट्रेट में शीतगृह संचालकों के साथ सम्पन्न बैठक में जिलाधिकारी ने आलू किसानों के हित में शीत गृहों में आलू भंडारन की दर समय से निर्धारित करने हेतु समुचित कार्यवाही करने के लिये प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी एवं उप निदेशक उद्यान को निर्देश दिये। बैठक में काश्तकारों द्वारा शीतगृहों से आलू की निकासी के समय व्यापारियों द्वारा आलू में स्वास्थ्य के लिये नुकसानदेह रामरज मिलाने की शिकायत को गंभीरता से लेकर डीएम ने सीएफआई से जांच कराने के लिये सीडीओ को समुचित निर्देश दिये और कहा कि किसी भी व्यक्ति को जनस्वास्थ्य से कतई खिलवाड नहीं करने दिया जायेगा। इस मामले में दोषी लोगों के विरूद्ध कडी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। डीएम ने सभी शीतगृह संचालकों से कहा कि वे अपने शीतगृह से आलू की निकासी के समय कोई भी व्यक्ति आलू में रामरज न मिलाने पाये-कडाई से सुनिश्चित करें। उन्होंने इस बारे में जिले में सभी शीतगृह संचालकों को आगाह करने के लिये नोटिस जारी करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
बैठक में उप निदेशक उद्यान ने बताया कि जिले के 121 शीतगृहों से करीब 81 फीसदी आलू की निकासी हो गई है और इस माह नवम्बर के अंत तक शतप्रतिशत आलू की निकासी हो जायेगी। उन्होंने शीतगृह संचालकों से कहा कि वे प्रत्येक स्थिति में 30 नवम्बर तक शीतगृह के लायसेंस का नवीनीकरण करा लें तत्पश्चात विलंब शुल्क के साथ 31 दिसम्बर  तक शीतगृह के लायसेंस का नवीनीकरण कराया जा सकेगा। इसके बाद नये सिरे से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही शीतगृह का लायसेंस बनवाना पडेगा।
बैठक में सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, उप निदेशक उद्यान रमेश चन्द्र शर्मा सहित विभिन्न शीत गृह संचालक तथा काश्तकार मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने