Top News

हाथरस- लेह लद्दाख स्थित सिन्धु दर्शन तीर्थ यात्रा करने वालों को राज्य सरकार की ओर से दी जायेगी आर्थिक सहायता

हाथरस। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया है कि लेह लद्दाख स्थित सिन्धु दर्शन की तीर्थ यात्रा से होकर लौटने वाले उत्तर प्रदेश राज्य के मूल निवासियों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी।
अपर जिलाधिकारी अली हसन कर्नी ने इस संबंध में शासन के निर्णय की जानकारी देते हुए सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों को पत्र जारी करके निर्देशानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। एडीएम ने शासन के निर्देशों की बाबत जानकारी देते हुए बताया है कि उ0प्र0 के मूल निवासियों को 100 यात्रियों की सीमा तक, जो वर्तमान में भी प्रदेश में निवास कर रहे हों, को उ0प्र0 सरकार द्वारा प्रति व्यक्ति 10 हजार रूपये की धनराशि अनुदान स्वरूप दी जायेगी। जिसमें आवेदक द्वारा निर्धारित प्रारूप वाले आवेदन पत्र के साथ सक्षम स्तर से निर्गत निवास प्रमाणपत्र की प्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अनुदान वर्तमान लागू प्रक्रिया के अनुसार यात्रा में सम्मिलित होने वाले तथा यात्रा पूर्ण करने वाले यात्रियों को ही देय होगा। अनुदान की धनराशि यात्रा के पूर्ण होने के उपरान्त प्रतिपूर्ति योग्य होगी। जीवनकाल में किसी यात्री को एक ही बार अनुदान दिया जायेगा। अनुदान की सुविधा मामले में बजट प्राविधानित धनराशि तक ही यात्रियों को देय होगी तथा सीमित रहेगी। यात्रा में सम्मिलित यात्रियों को यात्रा समाप्त होने के पश्चात तीन माह के अंदर उ0प्र0 के मूल निवासी प्रमाणपत्र के आधार पर अनुदान स्वीकृत किया जायेगा। किसी यात्री की मृत्यु होने की दशा में यथाथिति पत्नी/पति या आश्रित के द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर अनुदान की प्रतिपूर्ति हेतु विचारोपरान्त निर्णय लिया जायेगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रियों को दी जाने वाली सहायता राशि की सम्पूर्ण धनराशि महानिदेशक पर्यटन के निर्वतन पर रखी जायेगी। धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनपत्रों की संवीक्षा कर पात्र यात्रियों की सूची महानिदेशक पर्यटन को उपलब्ध कराई जायेगी, तत्पश्चात पात्र आवेदकों को के नाम का अलग-अलग चैक महानिदेशक पर्यटन द्वारा धर्मार्थ कार्य विभाग को उपलब्ध कराया जायेगा और धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा चैकों का वितरण किया जायेगा।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने