Top News

हाथरस- झमाझम बारिश से खुली नगर पालिका की कलाई, घरों व दुकानों एवं कोतवाली में भरा पानी, सिकन्दराराव में स्टेट बैंक परिसर बारिश के पानी से से बना तालाब

हाथरस। सोमवार  तडके सुबह हुई झमाझम बारिश ने पालिका प्रशासन के दावों की फिर पोल खोल दी और पूरा शहर जलमग्न नजर आया जबकि कोतवाली सदर सहित कई सरकारी कार्यालयों में तालाब जैसे नजारे दिखे तथा शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पडी है जबकि एक कागज फैक्ट्री की दीवारें पानी भर जाने से चटक कर दरारें पड गई।
आज सुबह हुई झमाझम बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया और क्या गली क्या मौहल्ले और क्या बाजार सभी ताल तलैया बने नजर आये। बारिश का पानी जहां दुकानों व घरों में हिलोरें मारने लगा वहीं शहर की कई फैक्ट्रियों में भी पानी भर जाने से हालत बाढ जैसे दिखे तथा कामरेड भगवानदास मार्ग मुरसान गेट स्थित रामलालगंज में बौ. राजीव शर्मा की गत्ता फैक्ट्री हलधर पेपर्स में पानी व बारिश से फैक्ट्री की दीवारों में दरारें पड गई हैं जिससे वहां पर खतरा बढ गया है।
बारिश ने आम लोगों के ही नहीं पुलिस के कार्य में भी बाधा डालते हुए कोतवाली सदर में जलभराव होने से तालाब जैसा नजारा दिखा जिससे पुलिसकर्मियों को जूते उतारकर पानी में होकर ही अपने कार्यों को अंजाम देना पडा। यही हाल पुराने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुरानी कलेक्ट्रेट के अलावा मौहल्ला गणेशगंज में सुविधा गैस सर्विस के कार्यालय के बाहर दिखे। गैस उपभोक्ताओं को रसोई गैस लेने के लिए पानी में होकर ही गुजरना पडा।
बारिश के मौसम में अभी बारिश की शुरूआत है और अभी तो आगे और बारिशें होनी हैं लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा किये जा रहे शहर को स्वच्छ व जलभराव मुक्त के दावे फिर से खोखले साबित हो रहे हैं। जबकि कामरेड भगवानदास मार्ग मुरसान गेट व मधुगढी रोड की सडकें दलदल व गढ्ढों से जूझ रही हैं और लोगों को भारी नुकसान झेलना पड रहा है। तो वही कोतवाली के पुलिसकर्मियों द्वारा नगर पालिका की टीम को लेकर तालाब चैराहे की नाले की सफाई करायी गयी जिससे कोतवाली में भरा पानी निकल सके। इधर सिकन्दराराव में भी सुवह 5 बजे के बाद पडी बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया और शहर की कई गलियां पूरी तरह से तालाब बन गयीं। साथ ही नगर की स्टेट बैंक का परिसर पानी से लबालव भर गया और तालाब जैसा नजर आने लगा। जिसके चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पडा।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने