मनरेगा कर्मियों व मजदूरों को कई महिने से नहीं मिली मजदूरी व मानदेय

हाथरस। मनरेगा मजदूरों को पिछले तीन माह से मजदूरी और 6 माह से मनरेगा कर्मचारियों को मानदेय नहीं मिलने पर अखिल भारतीय मनरेगा कर्मचारी महासंघ द्वारा मुख्यमंत्री के नाम मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है और शीघ्र ही मजदूरी व मानदेय दिलाए जाने की मांग की गई है। अखिल भारतीय मनरेगा कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राहुल कौशिक के नेतृत्व में मनरेगा कर्मचारी व मजदूरों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर कहा गया है कि जनपद में मनरेगा योजना अंतर्गत पिछले करीब तीन माह से मनरेगा मजदूरों का भुगतान नहीं हुआ है, जिस कारण मजदूरों का आक्रोश जमीनी स्तर पर मनरेगा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है और कर्मचारियों को जान माल का खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में कहा गया है कि मनरेगा कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी योजनाओं का संचालन पूरे मन से अब तक करते आ रहे हैं । लेकिन दीपावली जैसे बड़े महापर्व को देखते हुए मजदूरों का भुगतान न आने पर मनरेगा कर्मचारी कार्य कराने में असहज महसूस कर रहे हैं।


ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद में अधिकांश मनरेगा कर्मचारियों को 6 माह से अल्प मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है तथा प्रदेश स्तर से 1 नवंबर को मानदेय भुगतान हेतु 55 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई जो कि चंद मिनट में समाप्त हो गई। ज्ञापन में कहा गया है कि मानदेय भुगतान और मजदूरों की मजदूरी का भुगतान दीपावली पर्व तक नहीं हो पाता है तो समस्त मनरेगा मजदूर एवं कर्मचारी मजबूरन मनरेगा कार्य पर रोक लगाने हेतु बाध्य होंगे।
मनरेगा कर्मचारी व मजदूरों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दीपावली के त्योहार से पूर्व ही उनकी मजदूरी व मानदेय दिए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आदेश करें जिससे कि उन्हें भुगतान हो सके और सभी कर्मचारी, मजदूर भी त्यौहार मना सके। ज्ञापन देने वालों में समस्त मनरेगा कर्मचारी, मजदूर, एपीओ, तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, समस्त रोजगार सेवक आदि मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1