हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के आगरा रोड पर अनीगढ़ी मोड़ के नजदीक बीती देर रात एक कार और टैंकर में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवागमन सुचारू कराया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जाता है बीती रात्रि को अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलीगढ़ की तरफ से टाटा टियागो कार में सवार होकर तीन लोग आगरा जा रहे थे। कार चालक 36 वर्षीय पवन पुत्र किताब सिंह निवासी गांव बमूरी नगला थाना छर्रा अलीगढ़ के साथ नगला बस्सा निवासी आसिफ पुत्र आमीन खां और 55 साल के शाहबुद्दीन पुत्र बिंदू खाँ कार में सवार थे। कार में सवार आसिफ अपने बच्चों को लेने अपनी ससुराल आगरा जा रहा था। जैसे ही कार आगरा रोड पर अनीगढ़ी मोड़ के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे दूध के टैंकर ने कार में टक्कर मार दी। कार में सवार चालक सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया और आवागमन रुक गया। इस दौरान जाम में काफी वाहन फंस गए।
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और हाईवे की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस ने वहां क्रेन मंगवा कर क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए और आवागमन सुचारू कराया।



एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।