Top News

सीएम के जनसुनवाई पोर्टल पर एक बार फिर प्रशासन ने भेजी फर्जी आख्या

हाथरस। मुख्यमंत्री के जनवाई पोर्टल को प्रशासन ने मजाक बनाकर रख दिया है। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के निस्तारण के लिए यह जनसुनवाई पोर्टल को शुरू किया था लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर प्रशासन द्वारा भ्रामक, झूठी और फर्जी जांच आख्याएं भेजी जा रही हैं। समस्याएं निस्तारित होने के बजाय ज्यों की त्यों हैं। प्रशासन सिर्फ खानापूरी कर फर्जी रिपोर्ट शासन को सोंप रहा है।  बता दें कि जनवरी महीने में मुरसान क्षेत्र के ग्राम पंचायत उदयभान भकरोई के माजरे निकलने वाले नाले  पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने तथा नाले में किसानों के लिए पानी चलवाने की शिकायत कैलाश पौनियां द्वारा आईजीआरएस जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी । जनसुनवाई पोर्टल पर नियत तिथि 4 फरवरी 2018 दी गई । 5 फरवरी को लेखपाल मौके पर हो रहे अतिक्रमण की जांच करने पहुंची। उसके बाद उसी शाम को पोर्टल पर जांच आख्या दी गई कि मौके पर पैमाइश करके निशानदेही कर अतिक्रमण हटवा दिया है। जबकि मौके से अतिक्रमण अभी तक नहीं हटा है। जिलाधिकारी और मण्डलायुक्त ने भी यह फर्जी जांच आख्या शासन को भेज दी।  प्रशासन सरकार के साथ धोखाधड़ी तो कर ही रहा है बल्कि मनमाने ढंग से काम किया जा रहा है। ऐसा लगता है नौकरशाही बिल्कुल निरंकुश हो चुकी है जो उसके मन में आ रहा है वही किया जा रहा है।  5 फरवरी के बाद शिकायतकर्ता समाजसेवी कैलाश पौनियां ने जनसुनवाई पोर्टल पर फीडबैक भेजा जिसमें प्रशासन द्वारा सरकार के साथ धोखाधड़ी की बात कही गई। फीडबैक पहुंचने के बाद पुनः जांच हुई तो फिर प्रशासन ने एक और चैंकाने वाला झूठ भेज दिया। शिकायत तो कैलाश पौनियां ने मुरसान क्षेत्र ग्राम पंचायत उदयभान भकरोई के नाले पर हो रहे अतिक्रमण की थी लेकिन प्रशासन ने पोर्टल पर मुरसान क्षेत्र के गंाव पटाखास के एक चकमार्ग एवं नाली की शिकायत का निस्तारण जांच आख्या पौनियां को भेज दी है। जब पौनियां ने जांच आख्या पढ़ी तो प्रशासन पर हंसी भी आई और गुस्सा भी। हंसी इसीलिए क्योंकि प्रशासन ने शिकायत किसी और की और जांच आख्या किसी और की भेज दी और गुस्सा इसलिए कि प्रशासन कितना निर्लज्ज और नाकारा हो गया है, जो अपनी नाकामी पर लगातार पर्दा डालने का काम कर रहा है। कैलाश पौनियां ने बताया कि शिकायत मुरसान क्षेत्र के एक नाले की गई थी और प्रशासन ने जनसुवाई पोर्टल पर आख्या गांव पटाखास के एक चकमार्ग व नाली से हटवाये गये कब्जे की दी गई है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने