Top News

हाथरस- सर्राफ लूटकाण्ड का पुलिस ने किया खुलासा, 1 दबोचा, 4 भागे

हाथरस। करीब 6 दिन पूर्व सर्राफ से हथियारों की नोंक पर हुई लूटपाट की घटना का आज थाना हाथरस गेट पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है और पुलिस ने मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को दबोचा है। लेकिन 4 बदमाश बचकर भाग गये। पुलिस ने भारी मात्रा में लूट का माल भी बरामद किया है।
उक्त सर्राफ लूटकाण्ड का आज खुलासा करते हुये थाना हाथरस गेट में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक डा. अरविन्द कुमार ने बताया कि माधव कुंज कालौनी निवासी सर्राफा व्यवसायी सोनू वर्मा पुत्र नानकचन्द्र वर्मा गत 12 जुलाई की शाम खन्दारीगढ़ी स्थित अपनी सर्राफा दुकान को बन्द कर पैदल-पैदल घर लौट रहा था तभी माधव कुंज कालौनी की गली में कैलाश महादेव मंदिर के पास 2 बाइकों पर सवार खड़े 4 बदमाशों ने सोनू वर्मा से मारपीट कर व हथियारों की नोंक पर थैला छीन ले गये तथा थैला में 85 हजार 5 सौ रूपये तथा सोने, चांदी के जेबरात जिनमें तोड़िया, बिछुआ, जंजीर, कौंधनी, चांदी के सिक्के आदि थे।
अपर पुलिस अधीक्षक डा. अरविन्द कुमार ने बताया कि उक्त घटना को पुलिस कप्तान सुशील घुले द्वारा गम्भीरता से लिया और उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई तथा पुलिस टीमों ने घटना की छानवीन करते हुए बीती रात्रि को मुखबिर की सूचना पर उक्त घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों पर दबिश दी और इस दौरान पुलिस से बदमाशों की मुठभेड हो गई और मुठभेड के दौरान नगला सींघी नहर के पास एक शातिर बदमाश को दबोच लिया गया लेकिन 4 बदमाश भाग जाने में सफल रहे।
एएसपी ने बताया कि पकडे गये बदमाश ने पुलिस को अपना नाम कन्हैया पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी गांव कठेरा थाना विजयगढ अलीगढ बताया है जबकि भागे हुए शातिरों के नाम रीतेश उर्फ धोनी पुत्र चन्द्रपाल निवासी गांव सिनामई, सतीश पुत्र हुक्म सिंह व नीरज निवासीगण नवीपुर बताये हैं। पुलिस ने पकडे गये बदमाश कन्हैया से लूट के 10 हजार रूपये, एक जोडी तोडिया, 2 अंगूठी, 4 बिछुआ व एक जंजीर, एक कौंधनी बच्चा वाली, एक कमर का छब्बा, एक मंगलसूत्र, तार, 2 सिक्का विक्टोरिया व 2 सिक्का लक्ष्मी गणेश तथा एक कौंधनी बरामद की है।
खुलासा टीम में एसओ जसपाल सिंह पवार, एसआई घनेन्द्र शर्मा, एचसीपी जुगेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी महेश चन्द्र, एसआई सुधीर राघव, सिपाही अफसर खां, कमरूद्दीन खां, वीरेश जादौन, उपेन्द्र कुमार, गिरीश चन्द्र, भूपेन्द्र, संदीप व नागेन्द्र सिंह शामिल थे। एएसपी ने पुलिस टीम को पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने