Top News

हाथरस- आवास विकास कालौनी में 2 मकानों से लाखों की चोरी, क्षेत्र में भारी हडकम्प

हाथरस।  प्रदेश में सत्ता बदल गई और जिले में पुलिस कप्तान भी बदल गये लेकिन लगता है अभी बदमाशों के हौंसले बुलन्द हैं और कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालौनी में एक ही रात में 2 बन्द मकानों के ताले चटकाकर लाखों रूपये कीमत का माल चोरी कर ले गये। घटना से पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प मच गया है।
कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कालौनी में पानी की टंकी के पास थाना चन्दपा क्षेत्र के गांव बघना निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र तेजसिंह व इनके पास में ही विनोद शर्मा पुत्र हरीशंकर शर्मा के मकान हैं। लक्ष्मण सिंह पिछले 4 दिनों से अपने परिवार सहित जहां अपने गांव गये हुए हैं वहीं विनोद शर्मा भी परिवार सहित अपनी किसी रिश्तेदारी में भिवाडी गये हुए हैं और दोनों ही मकानों पर ताले लगे हुए थे। घरों पर लगे तालों का चोरों ने फायदा उठाते हुए बीती रात्रि को दोनों घरों के ताले चटकाकर जमकर खंगालते हुए लाखों का माल साफ कर ले गये।
आज सुबह घटना की जब लोगों को पता चली तो पूरी कालौनी में खलबली मच गई और मौके पर लोगों की भीड लग गई तथा घटना की सूचना दोनों मकान मालिकों व कोतवाली पुलिस को दी। चोर लक्ष्मण सिंह के घर से करीब 2-3 लाख रूपये कीमत के सोने, चांदी के जेवरात व 5 हजार रूपये नगद तथा विनोद शर्मा के मकान से भी करीब एक-डेढ लाख रूपये कीमत का माल चोरी कर ले गये। घटना की रिपोर्ट हेतु कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी गई है और पुलिस छानवीन में जुट गई है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने