Top News

हाथरस- त्यौहार के मोके पर घण्टाघर क्षेत्र आग मे झुलसने से बचा, गैस रिफलिंग के दौरान वैन में लगी आग, गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटा, पांच दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, बाजार में मची भगदड़ व अफरा-तफरी, एक राहगीर घायल, मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ीयां

हाथरस। दीपावली के त्यौहार के चलते मंगलवार को शहर का सबसे ज्यादा भीड भाड वाला इलाका घण्टाघर क्षेत्र धधकने से बाल-बाल बच गया वरना बहुत बडी घटना घटित हो जाती और घण्टाघर क्षेत्र का मंजर ही अलग होता। लोगों व फायर बिग्रेड के प्रयासों के बाद भी एक मारूति वैन व 5 दुकानें जल गईं तथा गैस सिलेण्डर फटने से सिलेण्डर के टुकडों से एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे इलाके में भारी अफरा तफरी व भगदड मच गई। मौके पर कोतवाली प्रभारी दलबल सहित पहुंच गये। घटना में लाखों रूपये कीमत का माल जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक शहर के भीड भाड वाले इलाके घण्टाघर गांधी चैक स्थित गैस सिलेण्डरों की दुकानों पर एक मारूति वैन चालक आज सुबह अपनी गाडी में गैस रिफिल कर रहा था लेकिन इसी दौरान मारूति वैन में अचानक आग लग गई और आग इतनी भयंकर लगी कि आग ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। इसी दौरान एक गैस सिलेण्डर भी फट गया और गैस सिलेण्डर फटने के धमाके से वहां पर भारी अफरा तफरी व भगदड मच गई।
मारूति वैन में उठती आग की लपटों ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और दुकानों में आग लगते ही दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से उतरकर भाग गये जबकि पास की अन्य तमाम दुकानों के भी धडाधड शटर गिर गये और लोग अपने आप को सुरक्षित करने में लग गये। आग इतनी भयंकर थी कि 5 दुकानों का माल जलकर राख हो गया।
बताया जाता है उक्त घटना में गली सीकनापाल निवासी कपिल वाष्र्णेय पुत्र लांगूरिया वाष्र्णेय की इलैक्ट्रोनिक्स आयटमों व मोबाइल की दुकान का सारा सामान टीवी, एलईडी मोबाइल, म्यूजिक सिस्टम आदि सामान लाखों रूपये कीमत का जलकर राख हो गया। इनके बराबर में ही भाजपा के पूर्व शहराध्यक्ष अशोक अग्रवाल बीडी वालों की बिजली सामान व विजयनगर निवासी होतीलाल शर्मा पुत्र विभूतिराम की पान की दुकान तथा इनके सामने मुकेश अग्रवाल पुत्र हरीशंकर निवासी गांधी चैक तथा पवन अग्रवाल भगत जी पुत्र रमेशचन्द्र निवासी सीकनापान गली की कंफैक्शनरी की दुकानें भी जल गई और इनका भी  लाखों  रूपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल फायर बिग्रेड की गाडी पहुंच गई और फायर कर्मियों व क्षेत्रीय लोगों ने मिल जुलकर जैसे तैसे आग को बुझाया और उस पर काबू पाया।  लेकिन जब तक आग बुझी तब तक बहुत कुछ स्वाहा हो चुका था। लेकिन गनीमत रही कि क्षेत्रीय लोगों व फायर बिग्रेड की मदद से स्थिति को संभाल लिया गया वरना आज घण्टाघर गांधी चैक का नजारा अलग ही होता और यह घटना कितनी भयावह हो सकती थी इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है क्योंकि जहां दुकानों पर ग्राहकों की भीड है वहीं हर पल सैकडों राहगीर वहां से गुजरते हैं।
उक्त घटना के दौरान गैस रिफलिंग के वक्त गैस सिलेण्डर फटने से सिलेण्डर का आधा हिस्सा फटकर स्टेट बैंक रोड निवासी व्यापारी भगवत स्वरूप गर्ग के मकान की दीवार से टकराया और नीचे गिरा तो एक राहगीर युवक उसकी चपेट में आ गया और उसकी पेंट जल गई तथा पैर फट गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसके पैर में 10 टांके आये हैं। पुलिस जली हुई मारूति वैन को क्रेन से उठवाकर कोतवाली ले गई है। घटना के सम्बंध में कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि घटना की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करायी जायेगी जिसकी गलती होगी उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि घटना मारूति वैन में खुले में गैस रिफिल करने से घटी है और उन्हीं की दुकान है जिसकी मारूति वैन थी। डीएसओ को रिपोर्ट भेजेंगे और वह पता करें कि एलपीजी गैस कैसे रिफिल हो रही है और कार्यवाही की जायेगी।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने