Top News

हाथरस- आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सीएम व डायरेक्टर का पुतला फूंका

हाथरस : आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की 24 सूत्रीय मांगों पर शासन-प्रशासन के सुध न लेने से गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। पांच वर्ष से तैनात निदेशक आनंद कुमार ¨सह व मुख्यमंत्री के खिलाफ भड़कीं कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री व निदेशक बाल विकास के पुतले की अर्थी निकालकर कलक्ट्रेट मुख्यालय पर उनको आग के हवाले किया। यह सब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में होता रहा।

जिले की करीब तीन हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एक सितंबर से खुद को राज्यकर्मी घोषित करने सहित निदेशक बाल विकास को हटाकर उनके कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों की जांच कराने की मांग पर अड़ी हैं। लगातार 14 दिन धरना देने के बाद भी सरकार द्वारा इनकी कोई सुध न लिए जाने पर भारी आक्रोश व्यक्त किया गया। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व से भूख हड़ताल शुरू किए जाने पर भी विचार विमर्श किया गया। बुधवार को सहपऊ ब्लाक की एक मुख्य सेविका ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सेवा समाप्त करने की धमकी देकर कार्य पर बुला लिया था और उनका पोषाहार उठवा दिया। उन्होंने 10-15 बैग रजिस्टर में चढ़ाकर यह दिखाने की कोशिश की है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना नाममात्र को चल रहा है। इसे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में फूट डालने की कोशिश बताकर चेतावनी दी गई कि इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकत्री पहले निदेशक बाल विकास का पुतला लेकर नारेबाजी करती हुईं डीएम पोर्च में पहुंची और वहां निदेशक का पुतला फूंका। इसके बाद इन्होंने मुख्यमंत्री के पुतले की अर्थी निकालते हुए आग के हवाले किया। धरना प्रदर्शन व पुतला दहन में अध्यक्ष मीना कुमारी, विमलेश सेंगर, विनोद कुमारी, अंजू जैन, सुनीता चौधरी, अनीता चौधरी, हरिप्यारी देवी, पूनम, रामकटोरी, सुमन, सुनीता, ललिता, सुधीर, अनीता राना, राजकुमारी, सावित्री देवी, धीरज गौतम, शशिबाला, मंजू गौतम, रीना पाठक शामिल थीं।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने