Top News

हाथरस- मौहल्ला ऊंटगाड़ी में पोलियो ड्राप टीकाकरण से दो बच्चों की मौत, दो की हालात बिगड़ी, शहर के ऊंटगाड़ी मौहल्ले में बच्चों की मौत पर मचा कोहराम, आक्रोशित लोगों ने अलीगढ-आगरा मार्ग पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन, जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के लिये टीम भेजी

हाथरस। पोलियो ड्राप के टीकाकरण से शहर के मौहल्ला ऊंटगाड़ी में कई मासूम बच्चों की हालत बिगड़ गई और 2 मासूम बच्चों की मौत से जहां भारी कोहराम मच गया है वहीं आक्रोशित भीड़ व परिजनों ने आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर जाम लगाकर जमकर हंगामा व हायतौबा की तथा रिपोर्ट दर्ज कर सीएमओ के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी गई है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला ऊंटगाड़ी नयाबांस रोड पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पोलियो अभियान के तहत मासूम नौनिहालों को पोलियो दवा पिलाकर टीकाकरण किया गया। आरोप है कि पोलियो टीकाकरण के बाद बच्चों की तबियत बिगड़ गई।
परिजनों व क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि पोलियो ड्राप टीकाकरण के बाद ही बच्चों की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। उक्त टीकाकरण से 8 माह की निशा पुत्री बलवीर सिंह व डेढ़ माह के चेतन उर्फ चिराग पुत्र सोनपाल निवासीगण ऊंटगाड़ी मौहल्ला की मौत हो गई जबकि 10 माह के गगन पुत्र मुकेश का उपचार चल रहा है तथा पूरे क्षेत्र में अभी कई और मासूम बच्चों की तबियत खराब बतायी जाती है।
मासूम बच्चों की मौत से परिजनों में जहां भारी कोहराम मच गया वहीं क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और परिजन मासूमों के शव को लेकर बागला अस्पताल आ गये और अस्पताल के सामने ही आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर जाम लगा दिया और जमकर हायतौबा की। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई और समझा कर जाम खुलवाया लेकिन गुस्सायें लोगों ने फिर तालाब चैराहा पर जाम लगा दिया।
आ़क्रोशित भीड़ के गुस्से को देखते हुये मौके पर तमाम पुलिस बल पहुंच गया और पुलिस अधिकारियों, सीएमएस के अलावा विधायक गेंदालाल चैधरी व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय भी पहुंच गये। भीड़ को जैसे-तैसे समझा कर जाम खुलवाया और कार्यवाही का आश्वासन दिया तथा परिजनों की मांग थी कि सीएमओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जाये।  रिपोर्ट हेतु पुलिस को तहरीर दे दी गई है। वहीं पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
      उक्त सम्बन्ध में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह का कहना है कि घटना की जांच हेतु डाक्टरों की टीम भेजी गई है और रिपोर्ट आने पर अवश्य कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है और जिन बच्चों की तबियत खराब है उन्हें भी दिखवाया जा रहा है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने