Top News

हाथरस- मनोनीत सभासद ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिया ज्ञापन, एक हफ्ते में शहर की सफाई व सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो होगा अनशन

हाथरस। शहर में व्याप्त भयंकर गन्दगी, खराब पड़े हैण्डपम्प व सड़कों के नवनिर्माण आदि तमाम जनसमस्याओं का निराकरण अगर एक सप्ताह में नहीं हुआ तो मैं घंटाघर पर 27 जून से क्रमिक अनशन शुरू कर दूंगा।
उक्त बातें आज शासन से मनोनीत सभासद एवं प्रमुख युवा समाजसेवी प्रशान्त शर्मा ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कहीं। उन्होंने कहा कि पूरा शहर भयंकर गन्दगी से अटा पड़ा है। जबकि 15 दिन बाद बारिश शुरू हो जायेगी, लेकिन अभी तक शहर के नाले नालियांे  की सफाई नहीं हो पाई है। शहर में जगह-जगह जलभराव से जनता सड़कों पर आकर त्राहि-त्राहि कर रही है। लेकिन पालिका प्रशासन गंभीरता पूर्वक कार्य नहीं कर रहा है।
युवा समाजसेवी एवं सभासद प्रशांत शर्मा ने ईओ से कहा है कि पिछली बोर्ड बैठक में दो सौ सफाई कर्मचारी पालिका बोर्ड द्वारा पास किये गये थे जिसको आज 2 माह बीत गये लेकिन कर्मचारी अभी तक नहीं रखे गये हैं। उन्होंने कहा कि शहर के 80 प्रतिशत हैण्डपम्प खराब पड़े हैं जिससे जनता पेयजल को परेशान है। शहर के मधुगढ़ी मार्ग को भी पास हुये लगभग एक वर्ष हो चुका है, लेकिन उसका भी अभी तक निर्माण शुरू नहीं कराया गया है।
सभासद प्रशान्त शर्मा ने ईओ से कहा है कि पालिका प्रशासन व ईओ शहर की समस्याओं के प्रति गम्भीर नहीं हैं और जनता लगातार प्रदर्शन, धरना, पुतला दहन आदि किये जा रही है। जल निगम के जेई व कर्मी खराब पड़े हैण्डपम्प ठीक नहीं करवा रहे हैं और जनता पानी को त्राहि-त्राहि कर रही है। शासन द्वारा अब तक हाथरस पालिका को करोड़ों रूपया विकास कार्य हेतु भेजा जा चुका है और उस पैसे को सफाई कार्य की बजाय पार्कों के सौन्दर्याकरण के नाम पर खर्च किया जा रहा है।
सभासद प्रशान्त शर्मा ने ईओ को चेतावनी दी है कि शहर के छोटे-बड़े नालों, नालियों की सफाई, हैण्डपम्पों की मरम्मत व दो सौ सफाई कर्मियों को रखकर एक हफ्ते के अन्दर कार्य कराया जाये अन्यथा वह 27 जून से घंटाघर पर पालिका के खिलाफ क्रमिक अनशन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी ईओ की होगी।
ज्ञापन देने वालों में सभासद बौबी यादव व सन्तोष ओझा भी साथ थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने