Top News

हाथरस लोकसभा में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ मतदान


  • 55.36 प्रतिशत मतदाताओं ने किया अपने मत का प्रयोग
  • मतदान सम्पन्न होते ही गली मोहल्लों, चौराहों पर जुटने लगी लोगों की मंडली
  • चुनावी चर्चाओं का दौर हुआ शुरू
  • जनपद के कई इलाकों से चुनाव बहिष्कार की भी मिली सूचनाएं

हाथरस। लोकसभा हाथरस के 19 लाख 30 हजार मतदाताओं ने यहां चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को ईवीएम में कैद कर दिया। हाथरस लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी ने अनूप प्रधान वाल्मीकि को अपना प्रत्याशी बनाया है तो समाजवादी पार्टी ने जसवीर वाल्मीकि को टिकट दी है, वहीं बहुजन समाज पार्टी के द्वारा हेमबाबू धनगर पर अपना दाव लगाया गया है। वहीं 7 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। प्रशासन के द्वारा हाथरस जिले की तीनों विधानसभा हाथरस, सादाबाद, सिकन्दराराव में 837 मतदान केंद्र बनाए गए वहीं 592 मतदान केंद्र अलीगढ़ जिले की दो विधानसभा छर्रा और इगलास में बनाए गए। हाथरस जिले में 837 मतदान केंद्रों पर 1295 बूथ बनाए गए जहां पर 1295 पोलिंग पार्टियों ने वोट डलवाने का कार्य किया। मतदान बूथों की सुरक्षा के लिए पांच हजार तीन सौ पैरामिलिट्री फोर्स, पुलिसकर्मी, पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई। मतदान बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगना शुरू हो गई थी। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ यह मतदान शाम 6 बजे तक निरंतर जारी रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी अर्चना वर्मा ने अपने पति के साथ मतदान किया।


जनपद के कई इलाकों से चुनाव बहिष्कार की सूचनाएं मिली जिस पर अधिकारी ग्रामीणों को समझाने हेतु दौड़ते दिखे। बहराल शाम 6 बजे तक जनपद में छुटपुट घटनाओं को नजरंदाज कर शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न हुआ।

जिसके बाद चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी कर्मचारियों ने चैन की सांस ली। जिसके बाद ईवीएम मशीनों को सील कर पोलिंग पार्टियां अपने-अपने वाहनों से हाथरस के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने हुए स्ट्रांग रूम में उन्हें जमा करने पहुंची। मतदान सम्पन्न होने तक प्रशासन के आला अधिकारी सक्रिय दिखे। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते नजर आए।

हाथरस लोकसभा क्षेत्र में 55.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। हाथरस विधानसभा में 56.5 प्रतिशत, सादाबाद विधानसभा 52.49 प्रतिशत, सिकंदराराव विधानसभा 56.1 प्रतिशत, छर्रा विधानसभा में 57.78 प्रतिशत, इगलास विधानसभा में 53.86 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सम्पन्न होते ही क्षेत्र में गली मोहल्लों, चौराहों पर लोगों की मंडली जुटने लगी हैं और चुनावी चर्चाओं का दौर चल पड़ा है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने