बाइक सवार 4 को ट्रोला ने रौंदाः पति-पत्नी की मौतः बेटी व साला गंभीर

हाथरस । जिले में आएदिन सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही हंै और हर दिन कोई ना कोई तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर काल के गाल में समा रहा है और आज भी बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रोला ने बाइक सवारों को रौंद दिया। जिसमें पति-पत्नी की जहां दर्दनाक मौत हो गई वहीं इनकी मासूम बेटी एवं एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए तथा रिश्तेदार को नाजुक हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर जहां लोगों की भीड़ लग गई वहीं परिजनों के करुण क्रन्दन से माहौल भारी गमगीन हो गया।


बताया जाता है थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी करीब 23 वर्षीय विष्णु आज अपनी 20 वर्षीय पत्नी श्रीमती नगमा तथा लगभग 1 वर्षीय पुत्री खुशबू एवं अपने साले करीब 24 वर्षीय नूर अली निवासी गढ़वाले  जनपद संभल के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर आज अपनी ससुराल जनपद संभल से आ रहा था और रास्ते में थाना हाथरस गेट क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ बाईपास  पर गांव जोगिया के निकट एक तेज रफ्तार ट्रोला ने तेजी व  लापरवाही से उक्त बाइक सवारों को रौंद दिया। जिससे उक्त गंभीर हादसे में पति-पत्नी विष्णु व नगमा की मौके पर ही जहां दर्दनाक मौत हो गई वहीं उनकी मासूम पुत्री खुशबू व साला नूर अली गंभीर रूप से घायल हो गए।          
घटना की खबर से जहां भारी हड़कम्प  पहुंच गया। वहीं मौके पर आसपास के लोगों एवं राहगीरों की भारी भीड़ लग गई तथा सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से नूर अली को नाजुक हालत में उपचार हेतु अलीगढ़ रेफर किया गया है। जबकि घायल मासूम बेटी का भी उपचार अभी चल रहा है। घटना की सूचना पाकर बागला जिला अस्पताल में मृतक दंपति के परिजन भी आ गए और उनके करूण क्रन्दन से माहौल भारी गमगीन हो गया।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1