Top News

ठण्ड में भी नहीं हो रहा गरीबों को कम्बलों का वितरण, भारी आक्रोश

सिकंदराराव। ठंड व शीत लहर से आमजन बेहद परेशान हैं। लोग ठंड से बचने को कई प्रकार के प्रयास कर रहे हैं। हाड़ कपकपाने वाली ठंड से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने गरीब व असहाय लोगों को मुफ्त में गर्म कंबल वितरण करने को जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारियों को कंबल प्रदान किये हैं। लेकिन यहाँ पर सब इसका उल्टा ही हो रहा है। कंबल पाने को प्रतिदिन गरीब असहाय लोग तहसील पहुँच रहे हैं। किंतु उन्हें तहसील प्रशासन द्वारा कंबल प्रदान नहीं किये जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की यह लापरवाही गरीबों की जान पर बन रही है।
बता दें कि इस समय तापमान लगातार गिर रहा है। जिससे मौसम में ठण्ड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। हाड़ कपकपाने वाली ठण्ड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ठण्ड से गरीब, असहाय लोगों का बुरा हाल है। गरीब तबके के लोग सरकार द्वारा तहसीलों में निःशुल्क बांटे जाने वाले कम्बलों को पाने के लिये तहसील के प्रतिदिन चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उन्हें तहसील पर कोई कंबल प्रदान नहीं किये जा रहे हैं। गरीब व असहाय लोग सुबह से शाम तक तहसील में कंबल पाने को देखे जा सकते हैं और घंटों इंतजार करने के बाद घर लौट जाते हैं। लेकिन पत्थर दिल तहसील प्रशासन गरीबों को कंबल प्रदान नहीं कर रहा है। यह बात नहीं है कि तहसील में जनता को वितरण करने को कंबल नहीं आए हों। कंबल तो हैं लेकिन उन्हें प्रशासनिक टीम ठंड निकलने के बाद अपने मनमाने तरीके से वितरण करेगी। सरकार ठण्ड से बचाव के लिए हर वर्ष लाखांे रूपये के कंबल भेजती है। किंतु उन्हें गरीबों में वितरण नहीं किया जाता है। बताया जाता है कि पिछले वर्ष के भी कंबल अभी तक तहसील में रखे हुए हैं। जिन्हें ठण्ड निकलने के बाद तहसील कर्मी आपस में बांट लेते हैं। तहसील प्रशासन द्वारा कम्बलों का वितरण न किये जाने के चलते लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने