Top News

शादी में हर्ष फायरिंग में किशोर की गोली लगने से दर्दनाक मौत

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव मई स्थित एक गैस्ट हाउस में बीती रात्रि को आयोजित शादी समारोह में डीजे पर डांस करते वक्त खुशी में की गई हर्ष फायरिंग की चपेट में आकर बारात में आये एक बाराती किशोर की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई और शादी समारोह की खुशियों में खलल मच गई तथा मौके पर लोगों में हडकम्प व अफरा तफरी मच गई। घटना स्थल पर पुलिस भी पहुंच गई थी।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव मई स्थित एक गैस्ट हाउस कैप्टन प्यारेलाल फार्म हाउस में आयोजित शादी समारोह में जनपद मथुरा क्षेत्र के गांव अभयपुरा से रोहित पुत्र सुरेश शर्मा की बारात आयी थी और इस शादी समारोह में दूल्हा रोहित के फूफा का 14 वर्षीय इकलौता पुत्र मोहित उर्फ मनोज पुत्र अशोक कुमार शर्मा निवासी गांव गोपी की नगरिया थाना महावन मथुरा भी बारात में आया था। शादी समारोह में जहां बारात का जोरदार स्वागत हुआ वहीं बारात ने भोजन आदि भी किया।
बताया जाता है शादी समारोह के दौरान खुशी में बाराती डीजे पर डांस कर रहे थे और इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा अपनी पिस्टल निकालकर खुशी में हर्ष फायरिंग की गई और हर्ष फायरिंग में एक गोली 14 वर्षीय मोहित उर्फ मनोज के जा लगी जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं तथा मौके पर मौजूद लोगों में हडकम्प व अफरा तफरी मच गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल कोतवाली पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने मृतक किशोर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है। कोतवाली सादाबाद प्रभारी के.पी. सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट हत्या की धाराओं में मृतक के पिता अशोक कुमार ने दर्ज करायी है तथा रिपोर्ट में सोनू जाट व सोनू पंडित निवासीगण गांव अभयपुरा को नामजद किया गया है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने