Top News

मैटाडोर में धक्का लगाते में उतरा करंट, 1 की मौत, 3 गम्भीर, मृतक इकलौता होने के साथ 15 दिन पूर्व ही हुई थी शादी

मुरसान (हाथरस लाइव डोट कोम ब्यूरो)। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव चमरूआ में आज सुबह एक मैटाडोर को स्टार्ट करने के लिये उसमें धक्का लगा रहे 4 लोग विद्युत हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ जाने से जहां एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई वहीं 3 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये तथा घटना में पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प व अफरा तफरी मच गई।
बताया जाता है थाना मुरसान क्षेत्र के गांव चमरूआ निवासी व कैंटर चालक बंटी आज सुबह अपनी मैटाडोर आयशर कैंटर को लेकर कहीं जा रहा था और उसने अपनी मैटाडोर को जब स्टार्ट किया तो वह स्टार्ट नहीं हुई और सर्दी के कारण जहां मैटाडोर स्टार्ट नहीं हो सकी वहीं उसने गांव के कुछ लोगों को गाडी में धक्का लगवाने को बुला लिया और ग्रामीणों ने मैटाडोर में जहां पीछे से धक्का लगवाया तभी वहां ऊपर से गुजर रही 11 हजार की विद्युत हाईटेंशन लाइन के तारों के नीचे बंधे जाल से गाडी छू गई और उसमें करंट दौड गया।
मैटाडोर में उतरे विद्युत करंट की चपेट में मैटाडोर में धक्का लगा रहे गांव के ही बनी सिंह जाटव पुत्र रघुवीर सिंह व इनका 21 वर्षीय पुत्र देवस्वरूप, मुकेश पुत्र बच्चू सिंह तथा अनिल पुत्र लेखराज सिंह विद्युत करंट की चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गये।
उक्त सभी घायलों को उपचार हेतु बागला अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने 21 वर्षीय देवस्वरूप उर्फ देवेश पुत्र बनीसिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि गम्भीर रूप से घायल बनीसिंह पुत्र रघुवीर सिंह मुकेश उर्फ गुड्डू तथा अनिल का उपचार बागला अस्पताल में जारी है।
उक्त घटना से गांव में जहां भारी हडकम्प मच गया है वहीं मृतक देवस्वरूप की करीब 8-10 दिन पूर्व ही शादी हुई थी और उसके घर में वह इकलौता पुत्र था। घटना से पूरे गांव में भारी कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
उक्त घटना की सूचना पाकर पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय बागला अस्पताल पहुंच गये और उन्होंने घायलों का जहां हालचाल जाना वहीं उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर मृतक देवस्वरूप की मौत पर भारी शोक जताया और परिजनों को ढांढस बंधाया तथा रामेश्वर उपाध्याय ने जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की और घायलों को 1-1 लाख रूपये तथा मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपये आर्थिक सहायता दिलवाये जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने परिजनों को हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया।
                               हाथरस की हर खबर सीधे आप तक- www.hathraslive.com          

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने