Top News

हाथरस- कपड़ा व्यापारी से लूटपाट के विरोध में पंजाबी मार्केट बंद, एसपी से मिले व्यापारी

हाथरस। कल शाम दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे स्कूटी सवार कपडा व्यापारी पिता-पुत्र पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर रूपयों का थैला व स्कूटी लूटकर ले जाने की घटना से कपडा व्यापारियों में भारी आक्रोश है और आज कपडा व्यापारियों ने कपडे की प्रमुख मार्केट पंजाबी मार्केट को बंद रखकर अपना आक्रोश प्रगट किया और पुलिस कप्तान को ज्ञापन सौंपकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की है।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ रोड स्थित नेहरू कालौनी निवासी गुरूदास मल की शहर के पंजाबी मार्केट में गुरूदास मल महेन्द्र कुमार के नाम से थोक कपडे की फर्म है तथा वह रोजाना की तरह कल शाम को भी अपनी दुकान बंद कर अपने पुत्र उमेश के साथ बिक्री के रूपयों करीब 30 हजार को थैला में रखकर स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे और रास्ते में वह जैसे ही लेवर कालौनी वाले रास्ते पर मुडे तभी एक बाइक पर सवार अज्ञात 3 नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रोक लिया और थैला छीनने की कोशिश की तथा थैला नहीं छोडने पर बदमाशों ने जहां पिता-पुत्र से मारपीट की वहीं उन पर तमंचा से फायर भी झोंक दिया तथा गोली लगने से पिता-पुत्र घायल हो गये और बदमाश रूपयों के थैला व स्कूटी को लूटकर ले गये।
उक्त लूटपाट की घटना से कपडा व्यापारियों में जहां भारी खलबली मच गई है वहीं घटना के विरोध में कपडा व्यापारियों ने रिटेल क्लाॅथ एसोसियेशन के बैनरतले आज कपडों की मार्केट पंजाबी मार्केट को बंद रखा और पुलिस कप्तान से मिले तथा ज्ञापन सौंपा।
कपडा व्यापारियों ने पुलिस कप्तान से मांग करते हुए कहा है कि उक्त घटना से व्यापारी भयभीत व असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा घटना का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को पकडा जाये तथा शाम 7 बजे से बाजार बंदी तक बाजारों में पुलिस गश्ती बढायी जाये। उक्त सभी व्यापारी अध्यक्ष हरीश आहूजा के नेतृत्व में पुलिस कप्तान से मिले तथा तमाम व्यापारी ज्ञापन देने में शामिल थे। उक्त घटना के सम्बंध में थाना हाथरस गेट प्रभारी जे.एस. पंवार ने बताया ने घटना की रिपोर्ट व्यापारी गुरूदास मल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज करा दी है तथा बदमाशों की धरपकड को 2 टीमें बनाकर दबिशें दी जा रही हैं।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने