Top News

हाथरस- 106 वाॅ मेला श्री दाऊजी महाराज का भव्य आयोजन बल्देव छट 27 अगस्त से प्रारंभ

हाथरस । बृज क्षेत्र का मशहूर एवं जनमानस की आस्थाओं का प्रतीक 106 वाॅ मेला श्री दाऊजी महाराज का भव्य आयोजन बल्देव छट 27 अगस्त से प्रारंभ होगा। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि लोगों की भागेदारी और लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप इस बार पूरी भव्यता से मेला आयोजित कराने का प्रयास किया जायेगा। मेला आयोजन के सिलसिले में आज सम्पन्न बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं जागरूक लोगों ने मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
कलक्ट्रेट सभागार में मेला रिसीवर एवं जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों के सिलसिले में आहुत बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनप्रतिनिधि, पत्रकार, शिक्षाविद, उद्योग-व्यापार एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों आदि के साथ मेला आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न कार्यक्रमों व व्यवस्थाओं के सिलसिले में विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मेला में प्रभावी सुरक्षा बंदोबस्त और सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जायेगा। श्री अमित कुमार सिंह ने कहा कि मेला को पाॅलीथिन और प्लास्टिक फ्री आयोजित करने पर जोर देते हुए कहा कि इस बार समूचे मेला परिसर में पाॅलीथिन और प्लास्टिक के इस्तैमाल करने पर प्रतिबंध रहेगा और इसके लिये मेला में आने वाले दुकानदारों तथा जनसामान्य को जागरूक किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बैठक में प्रस्तुत सुझावों का स्वागत किया और कहा कि इस ऐतिहासिक मेला को जन सहभागिता से आयोजित कराने के हरसंभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप बृजक्षेत्र के इस लक्खी मेला को भव्यता से आयोजित कराने के लिए कोई कसर नहीं छोडी जायेगी। उन्होंने कहा कि मेला में साहित्य एवं सांस्कृतिक कला की स्थानीय प्रतिभाओं, जिले के स्कूल-कालेजों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की भागेदारी सुनिश्चित करने वाले कार्यक्रम आयोजित कराये जायेंगे। उन्होंने साहित्य,सांस्कृतिक कला की स्थानीय प्रतिभाओं को चिन्हित करके उनके बारे में जानकारी और मेला कार्यक्रमों के बारे में उपयोगी सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध कराने के लिये लोगों से आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में जनभावनाओं के अनुरूप भव्य कवि सम्मेलन कराने के अलावा जिले के शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित, मेधावी छात्रों और उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित करने के लिये मेला में कार्यक्रम आयोजित कराये जायेंगे। डीएम ने जोर देकर कहा कि मेला में सांस्कृतिक, शैक्षिक, सामाजिक, गतिविधियों, साम्प्रदायिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता की भावना को बढाने वाले परंपरागत कार्यक्रमों को शामिल किया जायेगा।
बैठक के दौरान मेला श्री दाऊजी महाराज में परंपरागत आयोजित होने वाले कुश्ती दंगल, सम्मेलन, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि आयोजनों तथा जरूरी व्यवस्थाओं आदि के बारे में सुझाव प्रस्तुत किये। बैठक के प्रारम्भ में भगवान श्री दाऊ बाबा एवं रेवती मैया की वंदना प्रस्तुत की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी रेखा एस0 चैहान, मुख्य विकास अधिकारी जावेद अख्तर जैदी, राजनैतिक दलों के प्रतिनिध, परियोजना निदेशक, एसडीएम/मेला मजिस्टेªट, तहसीलदार, एडीआईओ, ईओ नगरपालिका, डीआईओएस, डीपीआरओ, पत्रकार, जनप्रतिनिधि, उद्योग-व्यापार, शिक्षण एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने