Top News

हाथरस- नोटबंदी से देश में आर्थिक अराजकता- कांग्रेस

हाथरस । नोट बंदी भारत के गरीब, किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग तथा छोटे कारोबारियों पर एक सर्जिकल स्ट्राईक है। 8 नवम्बर 2016 को देश की 86 फीसदी करेंसी को बंद करके नरेन्द्र मोदी ने 1 प्रतिशत कालाधन धारकों को पकड़ने के लिये 99 प्रतिशत ईमानदार, मेहनतकश भारतीयों पर मुसीबतों का पहाड़ तोड़ दिया। भारत में तरक्की का पहिया जाम हो गया है और पूरे देश मंें आर्थिक अराजकता छा गई है।
उक्त वयान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करूणेश मोहन दीक्षित, प्रवक्ता डा. मुकेश चन्द्रा व महामंत्री शंशाक पचैरी एड.ने बैनीगंज स्थित जिला कार्यालय पर बुलाई गई प्रेस वार्ता के दौरान व्यक्त किये।
जिलाध्यक्ष करूणेश मोहन दीक्षित ने कहा कि नोटबंदी स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला साबित हुआ है, जिसके कई उदाहरण हैं मसलन गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, अहमदाबाद में भाजपा के तमाम नेताओं व नेताओं के निकट सम्बन्धियों के पास से करोड़ों रूपये जब्त हुये तथा करोड़ों रूपये नोटबंदी से पहले व बाद में उनके खातों में जमा हुये, लेकिन उनके खिलाफ न तो कोई कार्यवाही हुई और न ही कोई जांच बैठाई गई। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के 50 दिनों में 115 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत हुई, 135 बार नियमों में बदलाव किया, नोट बंदी से कृषि अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार हुआ है, छोटे एवं मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं, नोकरियां खत्म हो रही हैं, मजदूर भूखे मर रहे हैं, देश की आय को गहरी चोट पहुंची है।
प्रवक्ता डा. मुकेश चन्द्रा एवं महामंत्री शशांक पचैरी एड. ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस पार्टी नोटबंदी के बाद जो देश का नुकसान हुआ है उसके मुआवजे की मांग करती है। नेता द्वय ने कहा कि बैंक से पैसा निकालने की पाबंदी फौरन हटाई जाये। कैशलेश लेनदेन पर कमीशन बन्द हो, भोजन के अधिकार के तहत दिये जाने वाले राशन की कीमत को एक साल के लिये आधा किया जाये, किसानों को रवी की फसलों में एमएसपी पर 20 प्रतिशत बोनस दिया जाये, कम से कम बीपीएल परिवार की एक महिला के खाते में 25 हजार रूपये जमा करवाये जायें, एक साल के लिये मनरेगा मजदूरी के काम के दिन और दिहाड़ी दोगुनी की जाये, छोटे दुकानदारों व उद्योगों को इंकम टैक्स व सैल्स टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी जाये।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सचिव पं. ब्रह्मदेव शर्मा, प्रचार समिति के जिला चैयरमेन अवधेश बख्शी, जिला उपाध्यक्ष पं. रिषीकुमार कौशिक, गोविन्द चतुर्वेदी, शहर अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य, श्याम सुन्दर कौशिक, अजीत गोस्वामी, पं. सुरेशचन्द्र शर्मा, बृजेन्द्रकान्त पाठक ब्लाक अध्यक्ष, सत्यप्रकाश रंगीला, अनुज संत, ललतेश गुप्ता आदि मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने