Top News

हाथरस- विधानसभा चुनाव का बजा विगुल, हाथरस में मतदान 11 फरवरी को, रामवीर ने उतरवायी लाल बत्ती, प्रत्याशियों की धड़कनें हुयीं तेज, भाजपा, कांग्रेस के आवेदकों का लखनऊ-दिल्ली में डेरा

हाथरस। देश के सबसे बड़े सूबे उ. प्र. सहित 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का आज चुनाव आयोग द्वारा ऐलान किये जाने के साथ ही आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और आचार संहिता लागू होते ही जिला प्रशासन भी तत्काल हरकत में आ गया है और राजनैतिक दलों के होर्डिग, बैनर, पोस्टरों आदि को हटवाने का काम शुरू हो गया है, जबकि इसके साथ ही उ.प्र. लोक लेखा समिति के सभापति रामवीर उपाध्याय ने भी अपनी गाड़ी से लाल बत्ती को हटा लिया है। हाथरस जिले में पहले चरण में ही 11 फरवरी को मदान होगा तथा 11 मार्च को मतगणना होगी।
चुनाव आयोग द्वारा आज उ.प्र. सहित 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है और आचार संहिता भी लागू हो गई है तथा उ.प्र. में 7 चरणों में चुनाव होगा जिसमें पहले चरण में ही हाथरस जिले सहित 15 जिलों में चुनाव होगा और इसके लिये हाथरस में 17 जनवरी से 24 जनवरी तक नामांकन दाखिल होगा और 25 जनवरी को नामांकनों की जांच तथा 27 जनवरी को नाम वापिसी होगी तथा 11 फरवरी को मतदान होगा।
विधानसभा चुनावों के आज ऐलान के साथ ही जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया  और पूरे जिले में लगे राजनैतिक दलों के होर्डिग, बैनरों, पोस्टरों आदि को हटाने का काम शुरू कर दिया गया तथा शहर में एसडीएम सदर राकेश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन  द्वारा तालाब चैराहा, सासनी गेट, बागला कालेज मार्ग, इगलास रोड, मथुरा रोड, आगरा रोड आदि जगहों से होर्डिग, बैनरों को उतरवाया गया है।
इसके अलावा मुरसान, सादाबाद, सासनी, हसायन, सिकन्दराराव, सहपऊ आदि जगहों पर से भी राजनैतिक दलों के लगे होर्डिग्स, बैनरों को उतररवा कर प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया गया है। आचार संहिता लागू होते ही अब कोई घोषणा आदि नहीं हो सकती और न ही अन्य कोई कार्यक्रम बिना जिला प्रशासन की अनुमति के आयोजित होगा।
आचार संहिता लागू होते ही उ.प्र. लोक लेखा समिति के सभापति रामवीर उपाध्याय द्वारा भी अपनी गाड़ी से लाल बत्ती को हटवा दिया गया है जिससे कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो। हाथरस जिले में पहले ही दौर में चुनाव होने से प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और घोषित प्रत्याशी जहां जनसम्पर्क में जुंट गये हैं वहीं भाजपा, कांग्रेस से आवेदकों ने लखनऊ दिल्ली में डेरा डाल लिया है और संभावना है कि अगले 2-4 दिन के अन्दर ही प्रत्याशियों की घोषणा हो जाये।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने