हाथरस- मथुरा-बरेली राजमार्ग स्थित कलेक्ट्रेट विकास भवन के पास बेकाबू टैंकर ने टैम्पो रौंदा, दो लोगों की मौत, तीन घायल

हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के मथुरा-बरेली राजमार्ग स्थित कलेक्ट्रेट विकास भवन के पास आज सवारियों से भरे टैम्पों को पीछे से एक टेंकर ने लापरवाही से रौंद दिया जिससे टैम्पो सवार 2 यात्रियों सगे चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई वहीं कई सवारियां गम्भीर रूप से घायल हो गईं। घटना से भारी हडकम्प मच गया है।
बताया जाता है कस्बा से हाथरस तक चलने वाले टैम्पो संख्या यूपी 86 टी/3691 आज सुबह कस्बा से सवारियों को लेकर हाथरस आ रहा था और टैम्पो जैसे ही नई कलेक्ट्रेट के पास विकास भवन के समीप आया तभी पीछे से तीव्र गति में आ रहे एक टेंकर संख्या आर.जे. 14 जी.एच./2111 के चालक ने तेजी व लापरवाही से टैम्पों में जोरदार टक्कर मार दी जिससे टैम्पो जहां उछल कर पलट गया वहीं सवारियों में भारी चीख पुकार मच गई।
 घटना के बाद टेंकर चालक गाडी को छोड जहां भाग जाने में सफल रहा वहीं यात्रियों की मदद को आसपास के ग्रामीण व राहगीर मदद को दौड पडे और मौके पर लोगों की भारी भीड लग गई तथा सूचना पाकर थाना पुलिस भी वहां पर पहुंच गई।
उक्त टक्कर में एक चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई जिनकी शिनाख्त 30 वर्षीय मोरध्वज उर्फ अजय पुत्र भूरीसिंह व इसका चाचा करीब 50 वर्षीय बल्लू निवासीगण गांव बदाई नगला मीरा थाना जलेसर एटा के रूप में इनके परिजनों के आ जाने पर हुई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
उक्त हादसे में 19 वर्षीय सज्जन पुत्र देवेन्द्र निवासी नगला वीरा थाना जलेसर एटा, 54 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र रतनलाल निवासी मौहल्ला रामबाद कस्बा, 23 वर्षीय छात्रा कु. शिखा बहादुर पुत्री राजबहादुर निवासी गांव कथरिया, 44 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र रतनलाल निवासी मौहल्ला छिपैटी घायल हो गये। इन सभी को उपचार हेतु बागला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक चाचा भतीजे गोवर्धन से लौट रहे थे और यहां मुरसान में किसी कार्य हेतु रूकने के बाद हाथरस जाने को टैम्पो में बैठे थे लेकिन उन्हें काल ने अपना शिकार बना लिया। थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है लेकिन समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं हुई थी। मृतकों के परिजनों के आ जाने से उनके करूण क्रन्दन से माहौल भारी गमगीन था।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1