हाथरस- कन्या गुरूकुल जा रही शिक्षिका को कार ने रौदा, हादसे में शिक्षिका की दर्दनाक मौत

हाथरस। कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की लेक्चरर श्रीमती रिचा जैन की आज विद्यालय के सामने टेंपो से उतरते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई जिससे महाविद्यालय में शोक तथा परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार आगरा अलीगढ़ राजमार्ग स्थित गांव बरसे के निकट कन्या गुरुकुल महाविद्यालय में लेक्चरर के पद पर तैनात हाथरस के भूरापीर गली नं. 1 निवासी करीब 42 वर्षीय श्रीमती रिचा जैन पत्नी स्व. हरीमोहन जैन आज भी रोजाना की भांति अपने घर से टेंपो में सवार होकर सासनी कन्या गुरुकुल महाविद्यालय में अपनी ड्यूटी पर आ रही थीं। बताते हैं कि कालेज के समाने जैसे ही वह टेंपो से उतरकर विद्यालय में जाने लगीं तभी हाथरस की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे श्रीमती रिचा गंभीर रुप से घायल हो गईं। मुख्यद्वार पर मौजूद विद्यालय के कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते तब तक वाहन चालक फरार हो गया और रिचा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी होने पर महाविद्यालय की मुख्याधिष्ठात्री श्रीमती डा. पवित्रा भी मौके पर आ गई जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस एवं मृतका के परिजनों को दी। सूचना पाकर पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने पंचनामा भर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिचा जैन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। महाविद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। कन्या गुरुकुल महाविद्यालय के साथ विभिन्न शिक्षण संस्थओं ने भी श्रीमती रिचा जैन की हादसे में दर्दनाक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1