Top News

हाथरस- भाजपा में जिलाध्यक्ष को लेकर उठा विवाद, विवाद थामने आये प्रांतीय नेता, कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

हाथरस। भाजपा में जिलाध्यक्ष को लेकर चल रहे विवाद का मामला अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच गया है और इस विवाद को थमने व पार्टी के कार्यों को अंजाम तक पहुंचने के लिये आज प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष सहित कई बडे पदाधिकारियों की टीम द्वारा कार्यकर्ताओं के मन की टोह ली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व द्वारा जिलाध्यक्ष के पद पर संघ के पूर्व जिला कार्यवाह रामवीर सिंह परमार की नियुक्ति की गई थी और अब तक मामला शांत चल रहा था लेकिन लम्बे समय बाद जब जिलाध्यक्ष द्वारा जिला कमेटी घोषित की गई तो विवाद के साथ बखेडा हो गया और भाजपा के कार्यकर्ता 2 गुटों में बंट से गये जिसका नजारा पिछले कुछ कार्यक्रमों के दौरान देखने को भी मिला। उक्त विवाद जब गहराने लगा और पार्टी की आपसी खींचतान व गुटबाजी सडकों पर आने लगी तो पार्टी नेतृत्व ने संज्ञान लेकर इसे गम्भीरता से लिया। उक्त प्रकरण में पुतला दहन का भी दौर चला था।
भाजपा नेतृत्व द्वारा उक्त विवाद को थामने के लिए अब ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष बी.एल. वर्मा, ब्रज क्षेत्र संगठन महामंत्री भवानी सिंह व जिला प्रभारी हेमेन्द्र शर्मा को बतौर पर्यवेक्षक रूप में भेजा गया है और वह आज सुबह से भाजपा के कैम्प कार्यालय ओढपुरा पहुंच गये जहां पर सुबह से भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता कर रहे हैं साथ ही 2-2, 4-4 कार्यकर्ताओं को अलग-अलग बुलाकर उनके मन की टोह ले रहे हैं।
भाजपा में एक गुट द्वारा जहां जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग की जा रही है वहीं दूसरा गुट मांग करने वालों पर स्वार्थवश ब्लैकमेलिंग करने वाले दूसरे दलों के लोग बताये जा रहे हैं लेकिन हकीकत क्या है यह तो भाजपा के पदाधिकारी जानते होंगे और पार्टी नेतृत्व क्या निर्णय लेगा यह भी वही जानते हैं लेकिन कुछ भी हो भाजपा की जरूर किरकिरी हो रही है। समाचार लिखे जाने तक वार्ता का दौर जारी था।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने