Top News

हाथरस/हाथरस जंक्शन- नगला इमलिया गांव के निकट गांव विधिपुर (ऐंहन) के ग्राम प्रधान को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना, प्रधान की हत्या से क्षेत्र में मचा हड़कम्प, एसपी सहित कई थानों की फोर्स व पीएसी पहुंची

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव विधिपुर (ऐंहन) के ग्राम प्रधान की बुधवार की सुबह करीब 10 बजे दिनदहाडे अज्ञात हमलावरों द्वारा खेतों में दौडा-दौडाकर ताबडतोड गोलियां बरसाकर बेरहमी से दर्दनाक हत्या किये जाने से भारी हडकम्प व सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस कप्तान, एएसपी व अन्य अधिकारियों के अलावा कई थानों की फोर्स व पीएसी पहुंच गई साथ ही पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन व बसपा नेता रामेश्वर उपाध्याय सहित तमाम नेता व ग्राम प्रधान पहुंच गये। पुलिस फिलहाल हत्याकाण्ड को चुनावी रंजिश पर मानकर चल रही है और पुलिस ने कुछ लोगों को अपनी हिरासत में भी लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव विधिपुर (ऐंहन) के ग्राम प्रधान करीब 35 वर्षीय राजकुमार उर्फ रामू सिसौदिया पुत्र मोहन सिंह सिसौदिया बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से बाइक पर सवार होकर हाथरस शहर की ओर आ रहे थे और वह जैसे ही जलेसर रोड स्थित गांव नगला इमलिया के पास आये तभी उन्हें शायद पहले से घात लगाकर बैठे या पीछा करते हुए आये अज्ञात हमलावरों ने रोक लिया और उन पर फायरिंग कर दी।
बताते हैं ग्राम प्रधान रामू सिसौदिया ने अपने आपको बचाने के लिये खेतों में दौड लगा दी लेकिन अज्ञात हमलावरों ने उनका पीछा कर व खेतों में दौडा दौडा कर ताबडतोड गोलियां बरसाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और घटना के बाद हमलावर भाग जाने में सफल रहे। घटना की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड दौड पडी तथा घटना की पुलिस को भी सूचना दे दी गई जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बताते हैं घायल ग्राम प्रधान रामू सिसौदिया को उपचार हेतु बागला अस्पताल लाया गया जहां पर उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया तथा अस्पताल परिसर में पुलिस कप्तान अजयपाल शर्मा, एएसपी राममूरत यादव, सीओ सिटी प्रीति सिंह, थाना हाथरस जंक्शन एम.एस भाटी, थाना हाथरस गेट, सासनी कोतवाली, महिला थाना की फोर्स के अलावा पीएसी पहुंच गई और घटना के बारे में जानकारी ली।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तत्काल पोस्टमार्टम हेतु भारी पुलिस बल के साथ भिजवाया और पोस्टमार्टम होने के उपरांत शव को ग्राम प्रधान के गांव में भारी पुलिस बल व पीएसी के साथ भिजवाया गया है। उक्त घटना की खबर पाकर पोस्टमार्टम हाउस पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, बसपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष चै. भाजुद्दीन, मनोनीत सभासद प्रशांत शर्मा आदि भी पहुंच गये। समाचार लिखे जाने के शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
पुलिस अधीक्षक डा. अजयपाल शर्मा का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने हेतु अभी तहरीर नहीं मिली है लेकिन तहरीर उनसे ली जा रही है तथा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार हेतु गांव ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में 4 लोग संदिग्ध हैं जिनको पूछताछ हेतु हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस कप्तान ने बताया कि घटना के पीछे रंजिश का मामला लग रहा है लेकिन अभी पूरा खंगाला जा रहा है और घटना का शीघ्र खुलासा कर कडी कार्यवाही की जायेगी ।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने