Top News

हाथरस- सावन कृपाल रूहानी मिशन द्वारा आयोजित साप्ताहिक आध्यात्मिक सत्संग 25 से, 23 जुलाई को निकाली जायेगी विशाल चेतना यात्रा

हाथरस।  सावन कृपाल रूहानी मिशन की हाथरस शाखा की ओर से 25 जुलाई से 31 जुलाई तक गौशाला मार्ग स्थित संत कृपाल आश्रम में 13 वे आध्यात्मिक साप्ताहिक सत्संग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें काफी बडी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। इस आध्यात्मिक सत्संग में उन्हें मानव जीवन के मुख्य उद्देश्य, ध्यान-अभ्यास व सदाचारी जीवन तथा उससे जुडे विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जायेगी। जिससे की वे अपने जीवन को एक नई दिशा प्रदान कर स्वर्णिम मानव जीवन के अवसर का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर 23 जुलाई को प्रातः 8 बजे से मिशन की हाथरस शाखा द्वारा ही एक आध्यात्मिक चेतना यात्रा पूरे शहर में निकाली जायेगी जिसका उद्देश्य लोगों को आध्यात्म के प्रति जागरूक करना है।
उक्त जानकारी आज गौशाला रोड स्थित संत कृपाल आश्रम पर आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य व्यवस्थापक/अध्यक्ष निरंजनलाल अग्रवाल डब्बू, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अरूण अग्रवाल, मुख्य सेवादार ब्रजकिशोर अग्रवाल व मीडिया प्रभारी प्रदीप ग्रोवर ने देते हुए बताया कि हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज पिछली शताब्दी में आध्यात्मिकता के मूल श्रोत थे। उन्होंने ‘‘सुरत-शब्द-योग’’ जो कि उससे पहले कम व्यक्तियों को ही उपलब्ध था, सम्पूर्ण मानवता को उपलब्ध कराया। संत प्रभु का साकार रूप होते हैं पूर्ण संतों का शरीर प्रभु का निवास स्थान होता है वे मानवता की दुर्लभ कृति होते हैं जिनसे प्रेम, दया और करूणा का संचार होता है। हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का मानवता के प्रति प्रेम अथाह था और वे पीडित मानवता के आध्यात्मिक कल्याण और पुनः निर्माण के लिए वे सतत प्रयत्नशील रहे।
उन्होंने कहा कि आत्मा का परमात्मा से मिलन, वो भी इसी जीवन में है। आगे चलकर परम संत कृपाल सिंह जी महाराज, दयाल पुरूष संत दर्शन सिंह जी महाराज एवं वर्तमान सत्गुरू संत राजिन्दर सिंह जी महाराज उनका संदेश सारे संसार में फैला रहे हैं। सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज सम्पूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति संदेश प्रसारित कर रहे हैं जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरूस्कारों व सम्मानों के साथ पांच डाॅक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सावन कृपाल रूहानी मिशन के आज सम्पूर्ण विश्व में 2648 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजयनगर, दिल्ली में है तथा अन्तर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।
सावन कृपाल रूहानी मिशन की हाथरस शाखा उक्त आध्यात्मिक समारोह में सभी को अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों, बन्धुओं सहित सादर आमंत्रित करती है। आइये अपने जीवन के इस असली कार्य के लिए समय निकालें और जीवन के परम लक्ष्य को जानने और समझने का प्रयास करें। यह आयोजन पूर्ण रूप से निशुल्क है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने