Top News

हाथरस- दशमोत्तर छात्रवृत्ति के फार्म 15 जुलाई तक जमा करायें, विद्यालय के प्रधानाचार्यो एवं नोडल अधिकारी के होगें डिजीटल सिग्नेचर

हाथरस। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जनपद में दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र, छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के सम्बन्ध में शासन द्वारा जारी नवीन दिशानिर्देशों  का समस्त विद्यालयों द्वारा अनुपालन सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों को समुचित निर्देश दिये हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने जिले के समस्त इण्टर काॅलेज/महाविद्यालय/ तकनीकी संस्थाओं के प्रधानाचार्यों को सूचित किया है कि मास्टर डाटा में अंकित किये गये विवरण तथा अपलोड किये गये अभिलेखों का सत्यापन संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य तथा नोडल अधिकारी के डिजिटल सिग्नेचर से किया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। मास्टर डाटा बेस में शुद्ध डाटा आॅनलाइन भरने का पूर्ण उत्तरदायित्व शिक्षण संस्थान का है।
उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य तथा नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर, ई-मेल, पैन नंबर तथा आधार नंबर भी बेबसाइट पर रजिस्टर करना अनिवार्य होगा। यह कार्य दिनांक आगामी 15 जुलाई तक किया जा सकता है। प्रत्येक शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य तथा नोडल अधिकारी को अपने डिजिटल सिग्नेचर से यह प्रमाणित करना होगा कि उनके संस्थान से अग्रसारित किये गये समस्त छात्रों के आवेदन-पत्रों की भली-भाॅति जांच कर ली गयी है तथा वे उस संस्थान के नियमित छात्र है। यह भी प्रमाणित किया जायेगा कि पाठ्यक्रमों में स्वीकृत सीट के सापेक्ष अधिक छात्रों के आवेदन-पत्र न प्राप्त किये गये है तथा न ही अग्रसारित किये गये है तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्रों की संख्या (जिन्हें निःशुल्क प्रवेश दिया गया है) अनुमोदित पाठ्यक्रम में अनुमन्य छात्र प्रवेश क्षमता की 40 प्रतिशत से अधिक नही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 से सभी छात्रों को अपने आवेदन-पत्र में आधार नंबर तथा नवीनीकरण के छात्रों को आधार नंबर के साथ एनरोलमेंट नंबर भरना अनिवार्य होगा। छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति नियमावली को डाउनलोड कर उसका भलीभांति अध्ययन शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी द्वारा कर लिया जाय। शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी तत्काल अपना डिजिटल सिग्नेचर अधिकृत संस्था से 30 जून तक बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत समस्त कार्यवाही पूर्ण की जा सके।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने