Top News

खेल खेल में चला तमंचा, किशोर मरा

हाथरस/हसायन। तमंचे से छेड़खानी की कीमत एक किशोर को जान देकर चुकानी पड़ी। हसायन के गांव लोधीपुर में एक किशोर जब तमंचे से छेड़खानी कर रहा था, तभी यकायक लोडेड तमंचा चल गया और गोली उसकी कनपटी के निकट जा लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल से तमंचा भी बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हसायन के गांव लोधीपुर निवासी रामजीलाल के यहां उसका एक रिश्तेदार दीपक (16 वर्ष) पुत्र नानकचंद निवासी चिंता की नगरिया थाना गोंडा (अलीगढ़) आया हुआ था। रामजीलाल के यहां उसके बडे़ भाई की ससुराल थी। बृहस्पतिवार की सुबह घर के कुछ लोग खेत में काम कर रहे थे। वह इन लोगों चाय देने के बाद घर लौट आया। पुलिस के मुताबिक, घर के एक कमरे में 315 बोर का तमंचा रखा था। दीपक की नजर तमंचे पर पड़ गई। पुलिस को आशंका है कि तमंचा लोड था। इसी बीच दीपक ने इस तमंचे से छेड़खानी की तो उसका ट्रिगर दब गया। गोली उसकी कनपटी के निकट जा लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर वहां काफी भीड़ लग गई। उसकी शव देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर हसायन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव के पास पड़े तमंचे को भी कब्जे में ले लिया। हसायन थानाध्यक्ष अजय किशोर का कहना है कि दीपक ने खुद ही तमंचे से छेड़खानी की और इसी के चलते ट्रिगर दब गया। उसके बाद गोली लगने से उसकी मौत हुई है।  

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने