Top News

अब राशन कार्ड के नाम पर ठगी

हाथरस। कांशीराम टाउनशिप में बीपीएल एवं अंत्योदय योजना के राशन कार्ड बनवाने के नाम पर भी ठगी का खेल हुआ है। कई लोगों से राशन कार्ड बनवाने के नाम पर 2 से 5 हजार रुपये ले लिए गए, लेकिन उन्हें आज तक राशन कार्ड बनाकर नहीं दिए गए हैं। ये लोग पहले भी अफसरों से इन दलालों से उनके पैसे वापस दिलवाने की गुहार लगा चुके हैं। अब भी यह बेचारे अपनी रकम वापस पाने के लिए सरकारी दफ्तरों की ड्योढ़ी पर ठोकरें खा रहे हैं। हालांकि इनसे पहले भी राशन कार्ड के नाम पर ठगी का खेल सामने आ चुका है। बताते हैं कि टाउनशिप का राशन डीलर और उसकी पत्नी ने करीब आधा दर्जन लोगों से बीपीएल और अंत्योदय योजना के राशन कार्ड बनवाने के नाम पर 5-5 हजार रुपये वसूल लिए। जिन लोगों से पैसे लिए गए, उनमें तीन महिलाएं तो आपस में सगी बहन हैं और तीनों कांशीराम टाउनशिप में रहती हैं। काफी समय बाद जब इन सभी को बीपीएल और अंत्योदय के कार्ड नहीं मिले तो इन्होंने राशन डीलर व उसकी पत्नी से अपने कार्ड मांगे, लेकिन दोनों ने टहला दिया। इसी तरह महीनों से राशन डीलर व उसकी पत्नी इन लोगों को टहला रहे हैं। न तो उनके कार्ड बनाकर दिए जा रहे और न हीं उनका पैसा वापस किया जा रहा। आपत्ति करने पर इन लोगों को चुप रहने की धमकी दी जा रही हैं। ठगी के शिकार यह सभी लोग पिछले महीने एसडीएम के यहां भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। गुरुवार को यह सभी अपनी शिकायत लेकर एसपी से भी मिलने पहुंचे। एसपी ने उन्हें जांच कराने का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने