Top News

लो आ गया मैं,जेल भेजोगे या पब्लिक के बीच! - किरीट सोमैया

हाथरस: 'मीडिया के जरिये ऊर्जा मंत्री के निमंत्रण पर वे आ गए हाथरस। देखना यह है कि इस अतिथि को वे कारागार भेजेंगे या जनता के बीच?' कुछ इसी प्रकार की बात की भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. किरीट सोमैया ने।
शनिवार को करीब घंटेभर विलंब से आये डॉ. सोमैया को आगरा रोड से लेकर तालाब रेलवे क्रासिंग होते हुए पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान के अलीगढ़ रोड स्थित आवास तक जाम की विभीषिका से जूझना पड़ा। 'वीर हाउस' पर पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया, जमकर नारे लगाए। मीडिया और कार्यकर्ताओं के बीच आने के बाद डॉ. सोमैया ने स्पष्ट किया कि उन्होंने जब से बिजली खरीद में हुए घपले की शिकायत लोकायुक्त से की है, तब से ऊर्जा मंत्री उन्हें मीडिया के जरिये धमकी दे रहे है। कभी जेल भिजवा देने की तो कभी रिपोर्ट दर्ज कराने की। इन्हीं धमकियों के मद्देनजर वे आज उनके शहर में आए हैं। देखते है ऊर्जा मंत्री क्या करते है? इस दौरान अगर उन्हें पुलिस स्टेशन जाना पड़ा तो जाएंगे। वैसे यहां आकर वे ऊर्जा मंत्री से जुड़े अन्य घपलों की भी जानकारी हासिल करेंगे और यहां के लोगों के बुलाने पर अब वे समय-समय पर यूं ही हाथरस आते रहेंगे। ऊर्जा मंत्री अगर उनके खिलाफ मुकदमा कराते हैं तो वे उसकी रोजाना सुनवाई का आग्रह करेंगे और घोटालों का पब्लिक के बीच लगातार पर्दाफाश करेंगे। उन्हें डेढ़ माह पहले ऊर्जा मंत्री के वकील की चिट्ठी मिली थी, जिसमें कोई दम नहीं था।
इधर, हाथरस आगमन के दौरान उन्होंने पार्टी से जुड़े लोगों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गुफ्तगू की। इस बीच आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सिफारिश के दौर चलने की भी खबर है। इस मौके पर प्रमुख रूप से भाजपा ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री शिव कुमार पाठक, प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष श्रीमती कुसुम देवी मदनावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र आर्य, पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान, रमेश करन, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामवीर सिंह दादू, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिशंकर राना, भूरा पहलवान, प्रशांत शर्मा, देवेन्द्र शर्मा, सुनीता मिश्रा, अखिलेश गुप्ता, अमित भौतिका,आचार्य महेन्द्र सिंह, नरेन्द्र आर्य, मोरमुकुट गुप्ता, संजय सक्सेना, पंजाबी लाल दिवाकर, आशा ठाकुर, ज्योति गौतम आदि मौजूद रहे।
        ( साभार देनिक जागरण)


Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने