हाथरस। संसदीय सीट हाथरस पर इस बार चुनाव में 10 प्रत्याशी मैदान में थे। लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी और प्रदेश के राजस्व राज्य मंत्री अनूप वाल्मीकि, सपा गठबंधन के प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि और बसपा प्रत्याशी हेमबाबू धनगर के बीच रहा। हाथरस संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इसमें हाथरस सदर, सिकंदराराव और सादाबाद यह तीनों हाथरस जिले की विधानसभा क्षेत्र हैं, जबकि इगलास और छर्रा अलीगढ़ जिले में शामिल हैं। इगलास और छर्रा की काउंटिंग अलीगढ़ में हुई, जबकि तीन विधानसभा क्षेत्र की काउंटिंग हाथरस के एमजी पॉलिटेक्निक में हुई। सुबह आठ बजे मतगणना प्रारम्भ हो गई। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। मतगणना केंद्र के अंदर बारीकी से जांच पड़ताल करने बाद ही प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल लगातार मतगणना केंद्र पर नजर रखे हुए थे। हाथरस लोकसभा सीट का इतिहास देखें तो यहां वर्ष 1991 से भाजपा लगातार जीत हासिल करती आई है। और भाजपा ने यहां इस बार भी अपनी जीत का परचम लहरा कर परम्परा को कायम रखा है। भाजपा प्रत्यासी अनूप प्रधान वाल्मीकि ने यहां से करीब ढाई लाख वोटों से जीत हासिल की है।
भाजपा प्रत्यासी अनूप वाल्मीकि ने 554746 मत प्राप्त किए वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्यासी जसवीर वाल्मीकि 307428 मत लेकर दूसरे नंबर पर रहे। इसके साथ ही बहुजन समाज पार्टी के हेमबाबू धनगर 201263 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा प्रत्यासी अनूप प्रधान वाल्मीकि ने 247318 वोटों से जीत दर्ज कर हाथरस लोकसभा सीट पर परचम लहराया तो भाजपा समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। उन्होंने ढोल नगाड़े बजाकर मिठाई बांट खुशी मनाई। इधर भाजपा प्रत्यासी अनूप प्रधान वाल्मीकि ने अपनी जीत का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को दिया है।

एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।