- मुंबई पुलिस कर रही पूछताछ, एक और साथी की तलाश
सिकंदराराव। मुंबई पुलिस ने ताज होटल और एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। अब पुलिस पूछताछ के बाद इस मामले में एक अन्य युवक को तलाश कर रही है। उसकी तलाश में भी दबिश दी जा रही है। मुंबई पुलिस पूरी कार्यवाही को काफी गोपनीय तरीके से कर रही है। बता दें कि गत सोमवार को मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष में 11 बजे एक कॉल आई थी, जिसमें कॉल करने वाले ने ताज होटल और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम रखने की फर्जी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने होटल और एयरपोर्ट की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की तो धमकी भरा कॉल उत्तर प्रदेश के हाथरस से आने की जानकारी मिली। मुंबई पुलिस ने हाथरस पुलिस को मामले की जानकारी दी और आरोपी को पकड़ने में सहयोग मांगा। हाथरस पुलिस भी सक्रिय हो गई और पुलिस ने तत्काल खोजबीन करते हुए सिकंदराराव क्षेत्र के गांव देवर पनाखर निवासी युवक रत्नेश को दबिश देकर पकड़ लिया और इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को भी दी। उक्त सूचना पर मुंबई पुलिस भी हाथरस पहुंच गई और पूछताछ की। इस मामले में अब मुंबई पुलिस ने भी इस युवक से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक रत्नेश करीब 6 साल पहले मुंबई में मजदूरी आदि कर चुका है और उसके बाद अपने गांव वापस लौट आया। फिलहाल वह यहीं पर रहकर मेहनत मजदूरी करता था।उक्त मामले में अब यह बात सामने आ रही है कि रत्नेश के एक रिश्ते के चाचा प्रमोद निवासी पनाखर सिकंदराराव ने उससे उसका फोन ले लिया था और प्रमोद ने यह मैसेज किया था। अब मुंबई पुलिस प्रमोद की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस उसकी तलाश में दबिशें दे रही है। पूरे मामले में मुंबई पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। बताते हैं कि रत्नेश और प्रमोद दोनों ही विवाहित हैं। लंबे समय से यहीं गांव में ही रह रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।