मेला श्री दाऊजी महाराज का भव्य आयोजन 13 सितम्बर से, मेला आयोजन के सिलसिले में डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

हाथरस। बृजक्षेत्र का मशहूर एवं जनमानस की आस्थाओं का प्रतीक 107वाॅ मेला श्री दाऊजी महाराज का भव्य आयोजन 13 सितम्बर 2018 से प्रारंभ होगा। जिलाधिकारी डा0 रमा शंकर मौर्य ने कहा कि लोगों की भागेदारी और लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप इस बार पूरी भव्यता से मेला आयोजित कराने का प्रयास किया जायेगा। मेला आयोजन के सिलसिले में  सम्पन्न बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं जागरूक लोगों ने मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिये। 
     कलेक्ट्रेट सभागार में मेला रिसीवर एवं जिलाधिकारी डा0 रमा शंकर मौर्य ने मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों के सिलसिले में आहुत बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनप्रतिनिधि, पत्रकार, शिक्षाविद, उद्योग-व्यापार एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों आदि के साथ मेला आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न कार्यक्रमों व व्यवस्थाओं के सिलसिले में विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने मेले की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेला में प्रभावी सुरक्षा बंदोबस्त और सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को हाथरस महोत्सव के रूप में मनाया जायेगा। इसके लिये सभी प्रक्रियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जायेगी। यह मेला अपने आप में अनोखा होगा।
      जिलाधिकारी ने बैठक में प्रस्तुत सुझावों का स्वागत किया और कहा कि इस ऐतिहासिक मेला को जन सहभागिता से आयोजित कराने के हरसंभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप बृजक्षेत्र के इस लक्खी मेला को भव्यता से आयोजित कराने के लिए कोई कसर नहीं छोडी जायेगी। उन्होंने कहा कि मेला में साहित्य एवं सांस्कृतिक कला की स्थानीय प्रतिभाओं, जिले के स्कूल-कालेजों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की भागेदारी सुनिश्चित करने वाले कार्यक्रम आयोजित कराये जायेंगे। उन्होंने साहित्य, सांस्कृतिक कला की स्थानीय प्रतिभाओं को चिन्हित करके उनके बारे में जानकारी और मेला कार्यक्रमों के बारे में उपयोगी सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध कराने के लिये लोगों से आग्रह किया।
      जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में जनभावनाओं के अनुरूप मेला में कार्यक्रम आयोजित कराये जायेंगे। डीएम ने जोर देकर कहा कि मेला में सांस्कृतिक, शैक्षिक, सामाजिक, गतिविधियों, साम्प्रदायिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता की भावना को बढाने वाले परंपरागत कार्यक्रमों को जरूर शामिल किया जायेगा।
      पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने कहा कि गत मेले का ऐसा आयोजन किया गया जिसमें एक भी एनसीआर नही लिखी गयी। सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये ठेकेदारों से ठेका उठाते समय सभी पक्षों को शर्तो में शामिल किया जायें। इसके अलावा बाहर से कलाकारों के आमत्रण के लिये विचार विमर्श अवश्य कर लिया जायें। जिससे किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये।  
      बैठक के दौरान ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिनेश सिंह, मधुशंकर अग्रवाल तथा अन्यगण मान्य व्यक्तियों ने मेला श्री दाऊजी महाराज में परंपरागत आयोजित होने वाले कुश्ती दंगल, सम्मेलन, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि आयोजनों तथा जरूरी व्यवस्थाओं आदि के बारे में सुझाव प्रस्तुत किये। बैठक के प्रारम्भ में मंगलाचरण और भगवान श्री दाऊ बाबा एवं रेवती मैया की वंदना प्रस्तुत की। उपस्थित लोगो ने गत मेले के सफल आयोजन के लिये प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। 
       बैठक में अपर जिलाधिकरी वि0/रा0 रेखा एस0 चैहान, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, एसडीएम हाथरस/मेला मजिस्टेªट अरूण कुमार सिंह, एसडीएम सिकन्द्राराऊ ज्योत्स्ना बंधु, एसडीएम सासनी अंजुम बी, एसडीएम सादाबाद इन्द्रसेन यादव, जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार, डीआईओएस सुनील कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरीश चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी बृजेश राठौर, तहसीलदार हाथरस कमलेश गोयल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योग-व्यापार, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1