Top News

बारिश के चलते मकानों की दीवार गिरीं, 1 महिला गम्भीर घायल, आगरा रैफर

हाथरस/सहपऊ/मुरसान। पिछले 1 हफ्ते से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते मकानों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां सहपऊ क्षेत्र के गांव लोधई में एक मकान की दीवार गिर जाने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई तो वहीं मुरसान क्षेत्र के मोहल्ला किला में मकान की छत गिर गयी। परिवार के लोग दूसरे कमरे में होने के कारण बच गए लेकिन काफी घरेलू सामान दब गया।
  सहपऊ क्षेत्र के गांव लोधई में कृष्णा देवी पत्नी शिशुपाल बुधवार की सुबह अपने घर में काम कर रही थी तभी अचानक उनके मकान की दीवार भरभराकर गिर गई जिसमें दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े चले आए और उन्होंने आनन-फानन में मलबे में दबी कृष्णा देवी को बाहर निकाला तथा उसे एक प्राइवेट वाहन से सीएससी सादाबाद लेकर गये। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते महिला को आगरा रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची इसके चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं दूसरी घटना मुरसान के मोहल्ला किला निवासी सुमन पत्नी राधे की मकान की छत गिर जाने से घटी। परिवार के लोग दूसरे कमरे में होने के कारण बच गए, लेकिन घरेलू काफी सामान दब गया। सुमन ने बताया कि उसका पति बाहर मेहनत मजदूरी करके घर का खर्चा चलाता है। मंगलवार की रात को हुयी बारिश से उसके मकान का काफी सामान दब गया है जिससे उसका काफी नुकसान हो गया है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने