Top News

हाथरस/सादाबाद- पुलिस ने किया ट्रक व बोलेरो लूटकाण्ड का खुलासा, 2 दबोचे

हाथरस/सादाबाद। कोतवाली सादाबाद पुलिस ने ट्रक व बोलेरो लोडर लूटकाण्ड का आज खुलासा करते हुए 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है जबकि 4 बदमाश अभी फरार हैं और इनमें एक तो ट्रांसपोर्ट कम्पनी का मालिक है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक डा. अरविन्द कुमार ने बताया कि कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के बरौस टोल प्लाजा से पहले 1 जुलाई को अज्ञात बदमाश एक 12 टायरा ट्रक को लूट ले गये थे तथा बाद में ट्रक लावारिस हालत में आगरा जनपद में मिला था लेकिन बदमाश ट्रक के टायरों को चोरी कर ले गये थे। उन्होंने बताया कि 30 जून को राधिका होटल से बोलेरो लोडर गाडी संख्या यूपी 83 ए.टी./8314 को चोरी कर ले गये थे।
उक्त घटनाओं के खुलासे हेतु गोविन्दपुर चैकी प्रभारी सत्यपाल सिंह व बिसावर चैकी प्रभारी संजय सिंह को लगाया गया था तथा बीती रात्रि को उक्त दोनों एसआई आगरा रोड पर गांव जारऊ के पास वाहन चैकिंग में लगे थे तभी जारऊ की ओर से एक संदिग्ध बोलेरो लोडर आती दिखी जिसे चैकिंग हेतु रोकने पर गाडी में बैठे बदमाश ने साथी से पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने को कहा और गाडी से उतरकर भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग कर उक्त दोनों शातिर बदमाशों को दबोच लिया।
पकडे गये बदमाशों ने पुलिस को अपने नाम भूपेन्द्र सिंह पुत्र रामअवतार सिंह व भोला धाकरे पुत्र राजकुमार निवासीगण नियामतपुर थाना नगला सिंघी फिरोजाबाद बताये हैं तथा पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गई बोलेरो लोडर गाडी व उसमें लदे उक्त ट्रक के 6 टायर व 6 रिम के अलावा 2 तमंचा, 2 जिन्दा कारतूस व 2 खोखा कारतूस बरामद किये हैं साथ ही इनसे 290 रूपये बरामद किये हैं।
पुलिस के मुताबिक उक्त बदमाशों के साथ लूट व चोरी की घटनाओं जीतू उर्फ जीतेन्द्र पुत्र कोमल सिंह निवासी नियामतपुर, भोला परिहार पुत्र विनोद सिंह निवासी मदनपुर थाना पिनाहट आगरा, आगरा की न्यू स्वरूप ट्रांसपोर्ट का मालिक नीरज यादव तथा रिंकू निवासी सत्तोली गली एत्मादपुर आगरा भी शामिल है और घटनाओं को नीरज यादव की गाडी द्वारा ही अंजाम दिया गया।
उक्त खुलासा करने वाली टीम के एसआई सत्यपाल सिंह, संजय सिंह, ललित कुमार शर्मा, सिपाही विपिन कुमार व संजीव कुमार शामिल थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 5 हजार रूपये के ईनाम से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने