Top News

हाथरस- थाना हाथरस जंक्शन व हसायन पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर वाहन चोर गैंग के 2 शातिर दबोचे, 15 बाइकें बरामद

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन व हसायन पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर वाहन चोर गिरोह के 2 शातिर युवकों को दबोचा है और चोरी की 15 बाइकें बरामद की हैं तथा एक शातिर युवक भाग जाने में सफल रहा।
थाना हाथरस जंक्शन पर आज आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार ने बताया कि पुलिस कप्तान के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना हाथरस जंक्शन व थाना हसायन पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर वाहन चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 2 वाहन चोर शातिर युवक स्वयं द्वारा चोरी की गई 2 बाइकों सहित राजकीय पाॅलीटेक्निक कालेज सलेमपुर के पास से पकडे गये हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त वाहन चोर चोरी की 5 बाइकों को राजकीय पाॅलीटेक्निक कालेज के पास अपने तीसरे साथी की निगरानी में खडा किये हुए थे और पकडे गये महेश उर्फ पंछी पुत्र प्रकाश निवासी गांव बस्तोई थाना हसायन तथा तारिक पुत्र मौ. ताहिर निवासी नौरंगाबाद पश्चिमी सिकन्द्राराऊ की निशानदेही पर पाॅलीटेक्निक कालेज के पास झाडियों से चोरी की 5 बाइकें बरामद की गई हैं जबकि इनका वहां पर खडा साथी पंकज पुत्र तेज सिंह निवासी गांव बस्तोई भाग जाने में सफल रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में पकडे गये शातिर महेश उर्फ पंछी ने चोरी की कुछ और बाइकें अपने व साथी पंकज के घर पर बतायीं और महेश के घर से 5 व पंकज के घर से 4 चोरी की बाइकें बरामद की गईं। कुल 15 बाइकें चोरी की बरामद की गई हैं जो कि तमाम स्थानों से चोरी की गई हैं। पुलिस पकडे गये आरोपियों से अभी और पूछताछ कर रही है।
उक्त खुलासा टीम में थाना हाथरस जंक्शन के एसएसआई अनिल कुमार सिंह, एसआई हरीशंकर वर्मा, प्रमोद कुमार, थाना हसायन प्रभारी एम.एस. भाटी, सिपाही मनीष कुमार, दीपक कुमार, श्याम सिंह, मंजीत कुमार, मनोज कुमार, राहुल कुमार, संजीव कुमार, उमेशचन्द्र, योगेन्द्र कुमार, योगेन्द्र कुमार द्वितीय शामिल थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने