Top News

हाथरस-थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला खुशाली के किसान हत्याकाण्ड का खुलासा,3 दबोचे,1फरारःपैसा वापस मांगने पर की हत्या


हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला खुशाली (लाढपुर) में गत दिनों सुबह अपनी पत्नी, भाई व भाभी के साथ पशुओं के लिये चारा लेने गये किसान की गोली मारकर की गई हत्या की घटना का आज थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है और 3 हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि 1 हत्यारोपी अभी फरार हैं तथा किसान की हत्या बैनामा नहीं करने पर आरोपियों से पैसा वापस मांगने पर की गई थी।
उक्त हत्याकाण्ड का आज पुलिस कार्यालय पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार सिंह ने खुलासा करते हुए प्रेसवार्ता में बताया कि थाना हाथरस जंक्शन की पुलिस चैकी लाढपुर क्षेत्र के गांव नगला खुशाली में गत 22 मई की सुबह खेत पर पशुओं के लिये अपने भाई भगवान सिंह, भाभी व पत्नी के साथ चरी लेने गये किसान खजान सिंह पुत्र खचेरमल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी तथा घटना की रिपोर्ट थाना हा.ज. में अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज करायी गई थी और घटना के खुलासे हेतु एसओ अनिल कुमार सिंह व एसओजी टीम को लगाया था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर कार्य करते हुए तफ्तीश में पता चला कि मृतक खजान सिंह ने गांव चुरसैन के आकिल पुत्र मुस्ताक से ढाई बीघा जमीन का सौदा कर करार करते कुए तयशुदा साढे 7 लाख रूपयों में से 5 लाख 40 हजार रूपये बतौर पेशगी मृतक ने आकिल को करीब 9-10 माह पूर्व दिये परन्तु आकिल अपने भतीजों जुल्फिकार व इश्तकार पुत्रगण आजाद के विरोध के कारण दादालाई जमीन का बैनामा नहीं कर पा रहा था। आरोपी आकिल पर पहले से ही गाजियाबाद में एक हत्या का मुकद्दमा चल रहा है और वह उक्त रकम को पैरवी आदि में खर्च कर चुका था और उस पर पैसा वापस करने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक खजान सिंह जमीन का बैनामा कराने को आकिल पर दबाब बना रहा था तो आकिल के बहकावे में आकर उसके दोनों भतीजों जुल्फिकार व इश्तकार ने खजान सिंह को रास्ते से हटाने की ठान ली और घटना वाले दिन आकिल ने दिल्ली से आये अपने दोनों भतीजों को सुबह खजान सिंह के अपने खेत पर होने की सूचना दी जिस पर उक्त दोनों जुल्फिकार व इश्तकार अपने गांव के बाबू पुत्र हनीफ के साथ बिना नम्बर की बाइक पर सवार होकर आये और चकरोड पर बाइक छोडकर दोनों भाई खजान के पास पहुंचे और मृतक के भाई, पत्नी व भाभी के चरी का गठ्ठर लेकर चलने के दौरान इश्तकार ने खजान की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी घर वालों को आते देख हवाई फायरिंग करते हुए गांव पहुंचे और गांव के बाहर ही बाबू को छोडकर उसी बाइक पर सवार होकर दिल्ली चले गये। पुलिस ने आरोपी आकिल, इश्तकार व बाबू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है लेकिन अभी जुल्फिकार फरार है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने