Top News

हाथरस- मौहल्ला विजय नगर में घर पर फायरिंग, रिपोर्ट दर्ज

हाथरस। मौहल्ला विजय नगर में शनिवार की रात्रि को  घर में की गई फायरिंग से वहां के वाशिंदों में अफरा-तफरी मच गई तथा जोरदार आवाज से घर के लोग बाहर निकल आए और पुलिस को तुरन्त 100 नम्बर पर इस घटना की जानकारी दी गई।
विजय नगर गली नंबर तीन निवासी गौरव शर्मा पुत्र पं. श्रीकृष्ण दत्त शर्मा सेठ हरचरनदास गल्र्स इंटर कॉलेज में सहायक क्लर्क के पद पर तैनात हैं। गौरव शर्मा रात को घर के बाहर वाले कमरे में सोए हुए थे तो रात को अचानक पेट में दर्द होने पर वे शौच को चले गए। इसी समय लगभग 12.45 पर कमरे में धमाके की जोरदार आवाज आई जिससे पं. श्रीकृष्णदत्त शास्त्री व घर में मौजूद अन्य लोग तत्काल कमरे में पहुंचे। गली छोटी होने के कारण फायरिंग की आवाज इतनी तेज थी कि गली के लोग भी एकत्रित हो गए। जैसे ही उन्हें पता चला कि श्रीकृष्णदत्त शास्त्री के घर में गोली चली है तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। किसी ने गली में से खिड़की से अन्दर कमरे में फायर किया। बताते हैं कि गोली बिस्तर पर चलाई गई थी, जो कि दीवार में जा धंसी। सौ नंबर पर पुलिस को खबर की गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा छानबीन की। वहां से गोली का खोखा बरामद किया गया है।
गौरव शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। गौरव ने कोतवाली सदर में अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। गौरव ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के कारण उनकी पत्नी व बच्चे मायके गए हुए हैं। इसलिए वे कमरे में अकेले ही थे। गौरव तीन दिन से गोवर्धन में थे। वहां लौटने के बाद शनिवार रात को वे अपने कमरे में सोए हुये थे उसी दौरान यह घटना हुई।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने