Top News

हाथरस- जांच में दोषमुक्त होने का भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा विरोध करने पर बोले पूर्व उर्जामंत्री एवं विधायक रामवीर उपाध्याय, कहा बसपा सरकार बनने पर केशव प्रसाद मौर्य की होगी जांच, मौर्य के खिलाफ दर्ज 11 मामलों की जांच कराने की दी चेतावनी

हाथरस। आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में शासन द्वारा करायी गई जांच में पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय एवं बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुददीन सिद्दीकी को क्लीन चिट दिये जाने व जांच समाप्त कर दोषमुक्त किये जाने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य द्वारा सपा-बसपा में सांठगांठ के आरोप लगाये जाने पर पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को आड़े हाथों लिया है और बसपा सरकार आने पर मौर्य के खिलाफ दर्ज 11 मामलों की जांच कराने की चेतावनी दी है।
उक्त मामले को लेकर आज पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने अपने आवास लेवर कालौनी पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उन्होंने आज तक कोई अवैधानिक कार्य नहीं किया है और उनके सभी भाई व पिताजी अपनी आमदनी का इनकम टैक्स रिटर्न भरते हैं और टैक्स देते हैं। उन्होंने कहा कि उन पर और उनके परिवारीजनों पर विरोधी झूंठे आरोप लगाकर अर्नगल बयानवाजी करते हैं।
श्री उपाध्याय ने कहा कि पहले जब-जब भाजपा की सरकार आयी है तब-तब मेरी जांच करायी है तथा सपा सरकार ने भी जांच करायी है लेकिन किसी को कुछ नहीं मिला और जो लोग मेरी जांच कराने की बात कर रहे हैं दोबारा से वह कितनी भी जांच करा लें। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुये कहा कि वह मेरी जांच कराने की बात कर रहे हैं लेकिन वह मेरी क्या जांच करायेंगे जिन पर खुद लूट, हत्या आदि के 11 मामले दर्ज हैं और वह अपराधी हैं और जांच तो इनके खिलाफ होनी चाहिये।
श्री उपाध्याय ने आरोप लगाते हुये कहा कि भाजपा अपराधियों की पार्टी है और अपराधी को प्रदेशाध्यक्ष बना रखा है और भाजपा नैतिकता की बात करती है। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह सरकार में भी मेरी जांच करायी थी लेकिन तब भी मुझे क्लीनचिट मिली थी। उन्होंने कहा कि हमारी जो भी सम्पत्ति है वह चुनाव आयोग में दर्ज है तथा सिकन्द्राराऊ में मकान बनवाने के मामले में कम स्टाम्प का झूंठा मुकददमा है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आते हैं तभी मेरी शिकायतें होती हैं लेकिन मैंने आज तक ऐसा कोई कार्य नहीं किया और मैं सभी में दोषमुक्त हुआ हूं।
पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नोटबंदी के फैसले की जमकर कड़ी आलोचना की और कहा कि चुनावों के समय जितने वायदे किये थे उनमें से भाजपा की केन्द्र सरकार अभी 10 प्रतिशत वायदे भी पूरे नहीं कर पाये हैं। नोटबंदी से मजदूर, किसान व व्यापारी वर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। भाजपा उ.प्र. में सरकार नहीं बना पायेगी और आने वाले समय में केन्द्र में भी सरकार नहीं बना पायेंगे। श्री उपाध्याय ने चेतावनी देते हुये कहा कि उ.प्र. में बसपा सरकार आने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर दर्ज मुकद्दमों की जांच करायी जायेगी और नैतिकता के आधार पर प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दें।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने