Top News

हाथरस-- चिन्ता से कमाया गया धन चिन्ता ही पैदा करता है- शान्ता बहिन

हाथरस। धन बिस्तर दे सकता है अच्छी नींद नहीं। छप्पन तरह के भोग दे सकता है लेकिन भूख नहीं। चिन्ता से और दूसरों का हक मारकर कमाया गया धन चिन्ता ही पैदा करता है। अन्दर इच्छायें हैं, लालच है, स्वार्थ है वह भावनायें लेकर कमायेंगे तो मन में शान्ति और सुख कहां से मिलेगा। उतना कमायें जितनी आवश्यकता है। अधिक लालच से कमायेंगे तो नाली में बहाने पडे़गे, जलाने ही पडे़ंगे। इन भावनापूर्ण विचारों की अभिव्यक्ति मुरसान ब्लाॅक के ग्राम प्रधानांे के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अलीगढ़ रोड स्थित आनन्दपुरी कालोनी की राजयोग शिक्षिका शान्ता बहिन ने की।
बीके शान्ता बहिन ने आज के शिक्षित एवं स्वतन्त्र समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, अश्लीलता, आतंकवाद, हड़ताल और नशे की बीमारियों का वर्णन करते हुए बिना किसी लाग लपेट के साफ शब्दों में कहा कि यह परमात्मा के अवतरण का और फिर से महाभारत का समय है। आज भाई द्वारा भाई की ही नहीं धन के लिए जन्मदाता माता, पिता की भी हत्या करने में दानव बना हुआ मानव नहीं चूक रहा है। साथ ही प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ग्राम सेवा प्रभाग की सेवाओं का सहयोग लेकर मुरसान ब्लाॅक के उपस्थित ग्राम प्रधानों और उनके प्रतिनिधियों का व्यसन मुक्त, स्वच्छ, स्वस्थ गाँव बनाने का आव्हान किया। साथ ही सभी धर्मपिताओं के इष्ट परमपिता परमात्मा शिव का सत्य परिचय और आत्मदर्शन का पाठ पढ़ाया।
सीडीपीओ सुनीता रानी ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के व्यसन मुक्ति और आध्यात्मिक प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। ये ब्रह्माकुमारी बहिनें जो बिना किसी स्वार्थ, लालच के अपनी सेवायें समाज को दे रहीं हैं उनकी सेवाओं का अपने-अपने गाँवों में सही उपयोग प्रधानों को समय समय पर करना चाहिए ताकि जिस कार्य के लिए वे जनता द्वारा चुने गये हैं वह पूरा हो सके और सरकारी सुविधाओं का लाभ भी मिल सके और कुपोषण से कोई बच्चा और महिला न मरे।
इस अवसर पर दिनेश  एव ंगजेन्द्र द्वारा व्यसन मुक्ति    सम्बन्धित वीडियो फिल्मों द्वारा तम्बाकू से होने वाले कैंसर और उनके इलाज से होने वाली परेशानियों का प्रदर्शन किया और उपस्थित जनों को अपने मन एवं आहार को शुद्ध बनाने की प्रेरणा दी। वीएस अगरिया ने ब्रह्माकुमारी बहिनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दृश्य, श्रव्य माध्यम से आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम की छाप मस्तिष्क पर पड़ती है। इस अवसर पर  मोनिका, ए.डी.ओ. पंचायत हरनारायण, प्रशिक्षक राम सिंह, रामअवतार आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने