Top News

हाथरस- डीएम ने महिला पंजीकरण मेला कार्यक्रम का किया उद्घाटन, मतदाता सूची में दस नई महिला मतदाताओं का नाम दर्ज कराने वाली छात्राओं को किया जायेगा पुरूस्कृत

हाथरस।  जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने लोकतंत्र को देश की मजबूत बुनियाद बताते हुए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके लोकतंत्र की जडों को और मजबूत करने की दिशा में एक कदम बढाने के लिये छात्राओं का आव्हान किया। डीएम ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिये स्वीप कार्यक्रम के तहत आज राजकीय कन्या इंटर कालेज में रंगोली, मेंहदी, स्लोगन, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता तथा विशेष महिला पंजीकरण मेला का उद्घाटन किया और लोकतंत्र के उत्सव में भागीदार होने के लिये कालेज की छात्राओं को बधाई दी। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में दस नई महिला मतदाताओं का नाम दर्ज कराने वाली छात्राओं को पुरूस्कृत किया जायेगा।
गुरूवार को जिलाधिकारी ने राजकीय कन्या इंटर कालेज में फीता काटकर रंगोली, मेंहदी, स्लोगन, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता तथा विशेष महिला पंजीकरण मेला का विधिवत उद्घाटन किया। श्री अविनाश कृष्ण सिंह ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि छात्राओं की जिम्मेदारी है कि वे देश की बुनियाद लोकतंत्र को मजबूत करने के लिये एकजुट होकर सक्रिय योगदान दें। उन्होंने जिले में आगामी 31 अक्टूबर तक संचालित निर्वाचक नामावली संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए छात्राओं से कहा कि उनके लिये सुनहरी मौका है वे इस अभियान के दौरान अपना नाम विधानसभा निर्वाचक नामावली में अवश्य दर्ज करायें। अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिये प्रत्येेक मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल होना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से कहा कि निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिये इस अभियान के दौरान वह न केवल अपना नामांकन करायें, बल्कि नामांकन से छूटे अपने परिवार के लोगों और अपने आसपास रहने वाले लोगों का भी अवश्य नामांकन करायें ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन में 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित न रहने पाये। उन्होंने जिले में प्रति एक हजार पुरूषों के मुकाबले मात्र 870 महिलाओं के जेण्डर रेशियो की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त की और कहा कि स्वस्थ्य समाज और परिवार के लिये पुरूष और महिला की समान भागेदारी बहुत जरूरी है और इसके लिये आवश्यक है कि महिलाओं की आबादी भी पुरूषों के मुकाबले कतई कम न हो।
एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 31अक्टूबर  तक मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा ऐसे सभी पात्र लोग, जिनका नाम विघानसभा निर्वाचन नामावली में सम्मिलित नहीं है, वह तत्काल अपने पोलिंग बूथ के बीएलओ से संपर्क करके निर्धारित फार्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा लें ताकि वह आगामी विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का इस्तैमाल कर सकें।
डीआईओएस जेके मलिक ने बताया कि सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता योजना’’स्वीप’’ कार्यक्रम के तहत आज यहाॅ आयोजन में राजकीय कन्या इंटर कालेज सहित सरस्वती इंटर कालेज, बागला इंटर कालेज, सेकसरिया इंटर कालेज, रामबाग इंटर कालेज, हरचरण दास गल्र्स इंटर कालेज, रामचन्द्र अग्रवाल गल्र्स इंटर कालेज, सुरजोबाई बालिका इंटर कालेज, डीआरबी इंटर कालेज, एमएलडीवी इंटर कालेज और महात्मा गांधी गल्र्स इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं के द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के मकसद से रंगोली, मेंहदी, स्लोगन, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता तथा विशेष महिला पंजीकरण मेला का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन ताराचन्द माहेश्वरी ने किया। इस मौके पर तहसीलदार कमलेश गोयल,डीआईओ यतीशचन्द्र गुप्ता,बेसिक शिक्षा अधिकारी रेखा सुमन,जीजीआईसी प्रधानाचार्या मोहिनी बाला, अन्य अधिकारी, अध्यापक-अध्यापिकाएं, बीएलओ आदि मौजूद थे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने