हाथरस। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले के सभी डिग्री काॅलेजों, पाॅलीटैक्निक, आई0टी0आई0 एवं समकक्ष उच्च शैक्षिक संस्थानों के प्राचार्यो और प्रबन्धकों से कहा है कि आगामी 01 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अपने कालेजों के सभी छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य जुडवाये। उन्होंने सभी काॅलेजों में एक नोडल आॅफीसर नियुक्त करने, एक रजिस्ट्रेशन कक्ष बनाये और स्टूडेंट ग्रुप बनाने के बारे में प्राचार्यो को निर्देश दिये। डीएम ने कहा कि 500 से कम छात्रों की संख्या वाले कालेजों में एक ग्रुप में 5 छात्रों, 500 से 1000 तक छात्रों की संख्या वाले कालेजों में एक ग्रुप में 10 छात्रों तथा एक हजार से अधिक छात्रों की संख्या वाले कालेजों में एक ग्रुप में 15 छात्रों को शामिल किया जाये।गुरूवार को कलक्ट्रेट में सम्पन्न एक अहम बैठक में जिलाधिकारी ने प्राचार्यो और प्रबन्धकों से कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा की जन्मतिथि 01.01.1999 है तो ऐसे सभी छात्र-छात्राएं मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य और प्रबन्धक अपने कालेज में शिक्षा ग्रहण करने वाले 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी छात्रों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जुडवायें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोडने के लिये फार्म नंबर 6 भरा जायेगा जिसके लिये प्रत्येक छात्र के दो फोटो, हाईस्कूल या इण्टर की मार्कशीट की फोटोकापी एवं वोटर आईडी जिसमें अभिवावक का नाम अंकित हो,की जरूरत होगी। उन्होंने अलग-अलग कक्षाओं की सूची को तैयार करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कालेज में सभी छात्रों से पता किया जाये कि उनके परिवार के सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में शामिल है या नही है। इसके बाद में यह भी देखना है कि उनका नाम मतदाता सूची में आया है या नहीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक जुडवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का भी नाम कट गया हो वह अपना नाम वोटर लिस्ट में जुडवा सकते है और मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों के नाम दो बार शामिल हो या मतदाता की मुत्यु हो गयी हो तो ऐसे मतदाताओं के नाम कटवा दिये जायें।
श्री अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि शतप्रतिशत पात्र छात्रों के नाम मतदाता सूची में जुडवा देने वाले सभी प्राचार्यो एवं प्रबंधकों कोे राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध करने पर जोर दिया और कहा कि देश के लोकतंत्र की जडों को मजबूत करने हेतु स्वतंत्र, निष्पक्ष, शान्तिपूर्वक चुनाव कराने के लिये हम सभी को तैयार रहना होगा।
जिलाधिकारी ने प्राचार्यो और प्रबंधकों से कहा कि वह संबंधित तहसील से संपर्क करके पोलिंग बूथवार तैनात बीएलओ की सूची प्राप्त कर लें और सूची, बीएलओ/सुपरवाईजर का मोबाईल नंबर तथा जिला निर्वाचन कार्यालय का टेलीफोन नंबर अपने कालेज स्थित मतदाता रजिस्टेªशन कक्ष में अवश्य मौजूद रखें। उन्होंने कहा कि यह सभी विवरण आॅनलाईन भी उपलब्ध है।
अपर जिलाधिकारी अली हसन कर्नी ने प्राचार्यो और प्रबंधकों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा को पूरा करने के निये वह एकजुट होकर कार्य को अंजाम दें और सुनिश्चित करें कि 01 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले कोई भी छात्र-छात्रा मतदाता सूची मंे अपना नाम दर्ज कराने से छूटने न पाये।
बैठक में मौजूद प्राचार्यो और प्रबंधकों की शंकाओं का समाधान अपर जिलाधिकारी अली हसन कर्नी एवं मुख्य विकास अधिकारी जावेद अख्तर जैदी ने किया। जिला विद्यालय निरीक्षक जेके मलिक ने प्राचार्यो और प्रबंधकों से कहा कि वह भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरसः पालन करते हुए राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय योगदान दें।
एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।