Top News

कट्टी को जाती 40 गायें पकड़ी, पुलिस पर फायर


 
हाथरस : बुधवार की तड़के गायों से भरे ट्रक के नोएंट्री में प्रवेश करने पर ट्रैफिक के जवानों ने रोका तो उन पर मारुति सवारों ने फायर कर दिया लेकिन साहसी टीम ने खेतों में दौड़कर चालक और हेल्पर समेत 40 गायों से भरे ट्रक को पकड़ लिया। इस बात की जानकारी होते ही व्यापारी, समाजसेवी, गौशाला की टीम व हिन्दूवादी नेता भी आ गए। ट्रक में ठसाठस भरी गायों में से एक गाय की मौत हो गई। 34 गायों को गौशाला भेज दिया गया है।

शहर में नो एंट्री सिस्टम के चलते बुधवार की सुबह टीएसआई जगवीर सिंह यादव अपने साथी श्रीपाल सिंह, संजीव कुमार, सुरजीत कुमार आदि के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी गायों से भरा ट्रक नोएंट्री में प्रवेश कर गया। इसे रोका लेकिन चालक नहीं रुका। इस बीच सिपाही उसके पीछे दौड़े तो चालक ट्रक को छोड़ खेतों में भाग छूटा। ट्रक के आगे चल रही मारुति वेन में चल रहे लोगों ने उन पर फायर कर दिया लेकिन सिपाहियों ने साहस नहीं छोड़ा और चालक व हेल्पर समेत गायों से भरे ट्रक को पकड़ पुराने सिंघारी देवी अस्पताल परिसर स्थित महिला थाने ले आए।

जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता योगा पंडित, भाजपा नेता देवेन्द्र शर्मा, हरी शंकर राना भूरा पहलवान,रमेश चन्द्र आर्य, संजय सक्सेना, शिवशंकर गुलाठी, राजेन्द्र नाथ चतुर्वेदी, कैलाश कूलवाल, अभिषेक रंजन आर्य, मुकेश कुमार, राजेन्द्र शर्मा, गौशाला के रामकुमार मित्तल, पं.भोलेशंकर शर्मा आदि के अलावा रामकुमार माहेश्वरी, शरद माहेश्वरी, सपा नेता धर्मेन्द्र अग्रवाल आ गए। ट्रक से जैसे ही तिरपाल हटाया तो वह अवाक रह गए। गायों को बुरी तरह से लादा गया था। भूख-प्यास से गायें तड़प रही थी। गायों को जैसे ही उतरा तो चार गायें व एक सांड भाग गया। शेष 34 गायें अचेत हो गई।

सूचना पर सीओ सिटी जगतराम जोशी, इंस्पेक्टर शिवलाल आर्य, महिला थाना प्रभारी धनुष कुमारी, एसओ हाथरस गेट सुरेश बाबू, मुरसान शिवराज सिंह के अलावा पीएसी भी आ गई। पशु चिकित्सकों ने गायों को इलाज किया। इधर, गायों को गौशाला ले जाने पर हंगामा खड़ा हो गया। नोक-झोंक हुई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। कुछ गायों को लोग लिखा-पढ़ी में ले गए। शेष गायों को गौशाला भेज दिया गया। इस मामले की रिपोर्ट टीएसआई की ओर से दर्ज कराई है। पुलिस ने दबोचे गए बबली पुत्र अशफाक निवासी गैर मर्दाना थाना रामपुर व जाहिद पुत्र अब्बू निवासी पक्का बाग रामपुर के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने