Top News

सादाबाद में शादी समारोह में फायरिंग, दो जख्मी

सादाबाद : पुलिस के अधिकारियों की लाख कोशिशें के बाद भी शादी समारोहों में होने वाली फायरिंग रुक नहीं पा रही। मंगलवार की रात्रि कजरौठी के गांव पोदा में विवाह में वर पक्ष की तरफ से खुशी में की गई फायरिंग में दो किशोर गोली लगने से जख्मी हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है। घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कजरौठी के माजरा पोदा में मंगलवार को मोहन सिंह की पुत्री की शादी थी। बारात मुरसान थाना क्षेत्र के गांव मनीपुर से आई थी । मोहन सिंह के घर के सामने खेत में पंडाल लगा था, जिसमें बारातियों को नाश्ता कराया जा रहा था। तभी बारात में आए दूल्हा के परिवार के व्यक्ति ने अपनी रिवाल्वर से पंडाल में ही हवाई फायर करना शुरू कर दिया। बताते है कि कुछ लोगों ने ऐसा करने से मना किया लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच रिवाल्वर से निकली गोली बजाय ऊपर जाने के सामने की तरफ चल गई, जिसकी चपेट में आकर शादी में वेटर का काम करने आए हाथरस के मोहल्ला लाला का नगला निवासी 15 वर्षीय अजय पुत्र सुभाषचंद्र व ग्राम कजरौठी निवासी 12 वर्षीय विष्णु पुत्र रनवीर सिंह गोली लगने से घायल हो गए। अजय कजरौठी से आए लाइट का काम करने वालों के साथ आया था। दोनों घायलों को सीएचसी पर लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। इधर शादी समारोह में हड़कंप मच गया। घटना के संबंध मे घायल विष्णु के पिता रनवीर पुत्र सुखराम ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने