हाथरस में 9 मई को निकलेगी वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप की भव्य ऐतिहासिक शोभायात्रा, आयोजकों ने प्रेस वार्ता कर दी कार्यक्रम की जानकारी

हाथरस में आगामी 9 मई को क्षत्रिय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति में एक भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार की शोभायात्रा अपनी सांस्कृतिक विविधता और भव्यता के चलते पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्यक्रम के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा में इस बार उज्जैन से आए डमरू दल, नासिक ढोल की गूंज, राजस्थान के पारंपरिक नगाड़े और राजसी ठाठ-बाट के साथ ऊंट-घोड़े मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा भारत के महान महापुरुषों की गौरवशाली गाथाओं को दर्शाती मनमोहक झांकियां भी निकाली जाएंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ गोशाला रोड स्थित तुलसी स्मृति भवन से होगा, जहां आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों और आगंतुकों का भव्य स्वागत किया जाएगा।


वहीं शोभायात्रा के समापन पर दाऊजी महाराज मंदिर में विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान मौजूद रहेंगे, जबकि सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र राणा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में एमएलसी मानवेंद्र सिंह गुर्जर और ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेंद्र सिंह सिकरवार अपना संबोधन देंगे। यह शोभायात्रा तुलसी स्मृति भवन से दिन में 01 बजे से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों गोशाला रोड, भरापीर चौराहा, पंजाबी मार्केट, घंटाघर, लोहट बाजार और नया गंज होते हुए दाऊजी महाराज मंदिर पर संपन्न होगी। आयोजकों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1